ब्रिटेन दौरे पर गए भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के एक कार्यक्रम में उस समय विवाद हो गया, जब भाषण के बाद सवाल-जवाब सत्र के दौरान कुछ लोगों ने भारत में लोकतंत्र, असहमति और न्यायपालिका से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन में हुआ विवाद
CJI सूर्यकांत इन दिनों छह दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के बर्कबेक कॉलेज में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरराष्ट्रीय कानून’ विषय पर व्याख्यान दिया। भाषण समाप्त होने के बाद कुछ प्रतिभागियों ने भारत में असहमति की स्थिति और न्यायपालिका से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। इसी दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम में व्यवधान की स्थिति बन गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति भारत के लोकतांत्रिक माहौल और असहमति के अधिकार को लेकर सवाल उठाने की कोशिश करता है। इस दौरान CJI की एक हालिया टिप्पणी का भी उल्लेख किया गया। हालांकि, कार्यक्रम के मॉडरेटर ने सवाल को कार्यक्रम के विषय से अलग बताते हुए बीच में रोक दिया। इसके बाद कुछ देर तक बहस का माहौल बना रहा।
भारतीय उच्चायोग ने जताई आपत्ति
इस घटना के बाद लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने बयान जारी कर दर्शकों के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई। उच्चायोग ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक मंच पर इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना और असम्मानजनक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। बयान में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें शालीनता और सम्मानजनक तरीके से व्यक्त किया जाना चाहिए।
Read More
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड!

