पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच समुद्र में एक नई घटना ने हालात को और मुश्किल बना दिया है। ओमान के नजदीक एक कंटेनर जहाज पर हमले की खबर सामने आई है, जिससे क्षेत्र में पहले से मौजूद सैन्य गतिविधियां बढ़ गईं हैं।
IRGC ने की फायरिंग
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, ओमान तट से करीब 15 समुद्री मील दूर एक कंटेनर जहाज पर हमला किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की गनबोट ने बिना चेतावनी फायरिंग शुरू कर दी। जहाज के कप्तान के मुताबिक, इस हमले में जहाज के ब्रिज को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि न तो आग लगी और न ही किसी तरह का पर्यावरणीय खतरा पैदा हुआ। साथ ही, सभी क्रू सदस्य भी सुरक्षित हैं।
लगातार बढ़ रहा समुद्री तनाव
बता दें कि इस क्षेत्र में तनाव पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों की ओर ड्रोन भेजे थे। ईरान का दावा है कि उसके एक व्यापारिक जहाज पर पहले हमला हुआ था, जिसके जवाब में उसने यह कार्रवाई की। वहीं, IRGC का आरोप है कि अमेरिकी सेना ने उनके मर्चेंट शिप को निशाना बनाया, जबकि अमेरिका का कहना है कि उसने नियमों का उल्लंघन करने वाले ईरानी जहाज को रोका था।
ईरान ने हॉर्मुज किया बंद
इस घटनाक्रम के बीच ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का फैसला लिया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने उसके बंदरगाहों की घेराबंदी कर रखी है, जिसे वह युद्धविराम का उल्लंघन मानता है। दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अपने दावे में कहा है कि उसकी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत की गई। फिलहाल, दोनों देश आपस में एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन ऐसा करने से वैश्विक तेल संकट और गहरा सकता है।
Read More

