इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला मंगलवार को (26 मई) डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को 92 रनों से करारी शिकस्त देकर शान ने फाइनल में एंट्री मार ली है।
रजत पाटीदार ने खेली कप्तानी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बेंगलुरु की ओर से बल्लेबाजी करते हुए टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रन जड़ दिए, उनकी इस विस्फोटक पारी में 9 छक्के शामिल थे। वहीं टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी 1 छक्का और पांच चौकों की मदद से 25 गेंदों पर 43 रन बनाए। इसके अलावा क्रुणाल पांड्या ने भी 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

GT के पास अभी भी मौका
जवाब में 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि गुजरात के पास फाइनल में पहुंचने का अभी एक और मौका बाकी है। गुजरात टाइटंस का सामना क्वालिफायर-2 में हैदराबाद और राजस्थान के बीच होने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम से होगा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए जैकब डफी ने तीन विकेट चटकाए, इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या और रासिख सलाम को दो-दो सफलता मिली। गुजरात की ओर से बल्लेबाजी करते हुए राहुल तेवतिया ने 43 गेंदों का सामना करते हुए सर्वाधिक 68 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिलवा पाए।
5वीं बार फाइनल में पहुंची RCB
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने वाली टीमों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे स्थान पर आ गई है, यह पांचवीं बार है जब बेंगलुरु की टीम फाइनल में पहुंची है। इससे पहले साल 2009, 2011, 2016, 2025 और अब 2026 में टीम ने यह मुकाम हासिल किया है। सबसे ज्यादा बार फाइनल में प्रवेश करने वाली टीमों में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)10 बार और मुंबई इंडियंस (MI) 6 बार यह कारनामा कर चुकी है।

