HomeBreaking NewsInternational Yoga Day 2026: CM धामी ने बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में...

International Yoga Day 2026: CM धामी ने बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया योग, बोले- युवा स्वस्थ होंगे तभी बढ़ेगा देश आगे

International Yoga Day 2026: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामूहिक योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं बल्कि मन और चित्त को भी स्वस्थ रखने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

‘योग से मिली नई ऊर्जा’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सभी लोगों के साथ योग कर उन्हें नई ऊर्जा का अनुभव हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम हरिद्वार, जागेश्वर धाम, ऋषिकेश, आदि कैलाश और गैरसैंण जैसे स्थानों पर आयोजित किए गए, जिनमें सेना के जवानों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।

गैरसैंण कार्यक्रम में शामिल हुए थे 10 से अधिक देशों के राजदूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष गैरसैंण में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में 10 से अधिक देशों के राजदूत शामिल हुए थे। उन्होंने इस वर्ष के आयोजन को सफल बनाने के लिए योग प्रशिक्षकों और योग साधकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी निष्ठा और समर्पण के कारण ही योग का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है।

स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाना जरूरी

सीएम धामी ने कहा कि स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की इच्छा रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग किसी एक वर्ग, आयु या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सभी लोगों के लिए समान रूप से उपयोगी है।

मन और चित्त को नियंत्रित करने का माध्यम है योग

मुख्यमंत्री ने कहा कि मन और चित्त पर नियंत्रण पाने के लिए योग बेहद आवश्यक है। योग चंचल मन को नियंत्रित करने का कार्य करता है और जब मन नियंत्रित होता है तो विचार भी उच्च होते हैं। उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का प्रभावी मार्ग है। आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न समस्याओं को दूर करने में योग और प्राणायाम अहम भूमिका निभाते हैं।

योग ने दुनिया को दिया एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग ने जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति “विश्व हमारा परिवार है” का संदेश देती है और योग ने इस विचार को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला। वर्तमान में दुनिया के 190 देशों में योग का अभ्यास किया जा रहा है।

उत्तराखंड को योग वेलनेस हब बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके तहत योग वेलनेस सेंटर स्थापित करने के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है।

युवा स्वस्थ होंगे तभी देश करेगा प्रगति

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं और यदि युवा स्वस्थ रहेंगे तभी राष्ट्र आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने सभी लोगों से संकल्प लेने की अपील की है कि, वे स्वयं योग को अपनाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Read More:

Yoga Day 2026: पंचकूला में लगभग 10 हजार लोगों संग CM सैनी ने किया योग, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, पूरे प्रदेश में योग की धूम

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments