भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज एस मेघना ने 30 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी इस निर्णय की जानकारी दी। मेघना ने लिखा कि खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेते हुए उनका दिल आभार से भरा हुआ है। उन्होंने क्रिकेट के मैदान को अपने दूसरे घर जैसा बताया, जिसने उन्हें जीवन की चुनौतियों से लड़ना, विनम्र रहना और ताउम्र याद रहने वाले दोस्त और यादें दीं।
अंतरराष्ट्रीय करियर और आंकड़े
एस मेघना ने भारत के लिए 3 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत नवंबर 2016 में विजयवाड़ा में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच से की थी। इसके बाद फरवरी 2022 में न्यूजीलैंड के क्वीन्सटाउन में उन्होंने वनडे में पदार्पण किया। मेघना ने 3 वनडे मैचों में 114 रन और 17 टी20 मैचों में 258 रन बनाए। दोनों व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में उनके नाम एक-एक अर्धशतक दर्ज है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2022 में खेला था।
डब्ल्यूपीएल में आरसीबी और गुजरात जायंट्स से खेला
महिला प्रीमियर लीग (WPL) में भी एस मेघना का सफर शानदार रहा। उन्होंने डब्ल्यूपीएल में कुल तीन सीजन हिस्सा लिया। साल 2023 में उन्होंने गुजरात जायंट्स के साथ अपने डब्ल्यूपीएल करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद 2024 और 2025 के सीजन में वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से मैदान पर उतरीं। डब्ल्यूपीएल के 15 मैचों में उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से कुल 302 रन बनाए। साल 2025 में उन्होंने अपना अंतिम डब्ल्यूपीएल मैच खेला था।
अगली पीढ़ी को मार्गदर्शन देने की जताई इच्छा
खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बावजूद एस मेघना ने क्रिकेट से जुड़े रहने का संकल्प जताया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि एक खिलाड़ी के तौर पर भले ही उनका सफर खत्म हो रहा है, लेकिन खेल से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। वह भविष्य में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करना चाहती हैं और जिस खेल ने उन्हें पहचान दी, उसे किसी न किसी रूप में वापस लौटाना चाहती हैं।
READ MORE: सलाखों के पीछे ही कटेंगी रातें, शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे की याचिका कोर्ट ने की खारिज