यात्रियों की सुरक्षा, अनुशासन और बेहतर यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे(Indian Railways) ने जरूरी नियमों में बदलाव किया है। नए प्रावधानों के तहत बिना वैध टिकट या पास के यात्रा करने वालों के खिलाफ अब पहले से अधिक सख्ताई बरती जाएगी। आपको बता दें कि बदले गए ये सभी नए नियम 1 जुलाई से लागू होंगे।
नए नियमों के मुताबिक, यदि कोई यात्री बिना वैलिड टिकट या पास के सफर करता हुआ पाया जाता है तो उस पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। वहीं, रेलवे का मानना है कि इससे बिना टिकट यात्रा की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और नियमों का बेहतर पालन सख्ताई से कराया जाएगा।
महिला कोच में पुरुषों की यात्रा पर कड़ी कार्रवाई
महिलाओं की सुरक्षा और उनके लिए आरक्षित डिब्बों की व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे ने साफ किया है कि यदि कोई पुरुष यात्री महिला कोच में यात्रा करता हुआ पकड़ा जाता है तो उस पर 2,500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
बिना इजाजत बिक्री करने वालों पर भी शिकंजा
रेलवे परिसर या ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वालों के खिलाफ भी सख्ती बढ़ा दी गई है। इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति बिना अधिकृत अनुमति के स्टेशन या ट्रेन में बिक्री करता हुआ पाया जाता है तो उस पर 2,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
इन नए नियमों का मकसद यात्रियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमों के अनुरूप यात्रा वातावरण तैयार करना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट अवश्य लें और रेलवे के सभी नियमों का पालन करें।