तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दिवाली के दौरान पटाखे जलाने से आंखों में चोट लगने के कई मामले सामने आए हैं। सोमवार को करीब 60 लोग आंखों में चोट की शिकायत लेकर सरोजिनी देवी आई हॉस्पिटल पहुंचे। इनमें से 10 मरीजों को आगे के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, आठ मरीजों की सर्जरी की तैयारी की जा रही है। अस्पताल में भर्ती आठ मरीजों में तीन बच्चे और पांच वयस्क शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, दो मरीजों के मामले गंभीर होने की आशंका है। हालांकि, बाकी मरीजों की चोट कितनी गंभीर है, इसका आकलन किया जाना बाकी है।
आठ मरीजों की सर्जरी की तैयारी
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पटाखों के कारण आंखों में चोट लगने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है। भर्ती किए गए 10 मरीजों में से आठ को ऑपरेशन की जरूरत पड़ सकती है। इनमें बच्चों की संख्या तीन है, जबकि पांच वयस्क हैं। मरीजों के स्थिति की विस्तार से जानकारी के लिए दोपहर 1 बजे समीक्षा बैठक निर्धारित की गई थी। इस बैठक में डॉक्टर मरीजों की चोटों की गंभीरता का मूल्यांकन करने और आगे के इलाज की रणनीति तय करने वाले थे।
कई मरीज पहुंचे घायल
सरोजिनी देवी आई हॉस्पिटल के अलावा हैदराबाद के गांधी अस्पताल और उस्मानिया जनरल अस्पताल में भी पटाखों से घायल लोग पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों अस्पतालों में करीब 30 लोगों को मामूली चोटों के बाद भर्ती कराया गया।
चोटों की गंभीरता पर विस्तृत जानकारी का इंतजार
फिलहाल घायलों की आंखों में किस तरह की चोटें आई हैं और कितने मरीजों की स्थिति गंभीर है, इस बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। अस्पताल प्रशासन की समीक्षा के बाद मरीजों के इलाज और सर्जरी को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। दिवाली के दौरान पटाखे जलाते समय हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर आंखों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों के पटाखे जलाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
Read More
दिवाली पर सड़क किनारे फूल बेचते दिखे सुनील ग्रोवर, सादगी भरे अंदाज ने जीता फैंस का दिल

