दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मुनिरका में किराए के घर में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में 24 साल के एक डिलीवरी एग्जीक्यूटिव को गिरफ्तार किया गया है। उसने एक दोस्त को हत्या के बारे में बताया था और शव को ठिकाने लगाने में मदद मांगी थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अनुराग उर्फ अभिषेक के तौर पर हुई है। उसे रविवार को उस दोस्त के घर के बाहर पकड़ा गया, जिसने इमरजेंसी हेल्पलाइन पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को किशनगढ़ पुलिस स्टेशन में एक PCR कॉल आई थी, जिसमें बताया गया था कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव को ठिकाने लगाने के लिए किसी और से मदद मांग रहा है।
शव को ठिकाने लगाने के लिए मांगी मदद
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पुलिस की एक टीम मुनिरका में पाल डेयरी पहुंची, जहां कॉल करने वाले ने आरोपी की पहचान की, जो अपने घर के बाहर खड़ा था। आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।” पूछताछ के दौरान, शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अनुराग ने 1 अगस्त की देर रात उसे फोन किया और तुरंत अपने घर के पास आने को कहा। वहां पहुंचने पर, आरोपी उसे अपने कमरे में ले गया, जहां उसने अनुराग की पत्नी कनिका को बिस्तर पर खून से लथपथ और कई चोटों के साथ पाया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली और शिकायतकर्ता से बार-बार शव को ठिकाने लगाने में मदद करने का अनुरोध किया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसका मोबाइल फोन ले लिया था। जब वे दोनों शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंचे, तो उसने गेट खुलवाने के लिए परिवार के सदस्यों को फोन करने के बहाने अपना फोन वापस मांगा। फोन वापस मिलते ही उसने तुरंत 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बाद में पुलिस आरोपी को उसके घर ले गई, जहां कनिका का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और उसकी जांच की। पुलिस ने बताया कि किशनगढ़ पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है। हत्या के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। 20 साल की कनिका गृहिणी थीं। दंपति की शादी 2023 में हुई थी। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
READ MORE: गंगा जल संधि पर बातचीत द्विपक्षीय तंत्र के जरिए होगी: विदेश मंत्रालय

