HomeBreaking Newsहरियाणा में 5 लाख करोड़ के निवेश की तैयारी, गुजरात दौरे पर...

हरियाणा में 5 लाख करोड़ के निवेश की तैयारी, गुजरात दौरे पर रहेंगे CM सैनी

हरियाणा में नए उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी(Haryana CM Saini) गुजरात का दौरा करेंगे। 27 और 28 अक्टूबर को होने वाले इस दौरे में वह सूरत और गांधीनगर में निवेशकों, उद्योगपतियों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030-31 तक करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करना और 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त और सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के मुताबिक, मुख्यमंत्री 27 अक्टूबर को सूरत में निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। इन बैठकों में हरियाणा में उद्योग लगाने मौजूदा कारोबार का विस्तार करने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने पर चर्चा होगी। इसके अलावा प्रवासी मिलन समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें हरियाणा से जुड़े प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों और प्रमुख कारोबारियों को राज्य की औद्योगिक क्षमता, विकास और कारोबारी संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

गांधीनगर में होगा हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोड शो

दौरे के दूसरे दिन, 28 अक्टूबर को गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोड शो आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपति, निवेशक और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम में हरियाणा के औद्योगिक ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल कर्मचारियों और निवेशकों के अनुकूल नीतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही संभावित परियोजनाओं, निवेश प्रस्तावों और कारोबारी साझेदारी पर चर्चा होगी। निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।

उद्योग और रोजगार बढ़ाने पर जोर

राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास को गति देने, विनिर्माण क्षेत्र मजबूत करने और निवेश आकर्षित करने के लिए ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ लागू की है।

सरकार को उम्मीद है कि इन प्रयासों से नए उद्योग स्थापित होंगे तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें : 1 नवंबर से बदलने जा रहे पैसों से जुड़े कई बड़े नियम, पेंशन से ITR और…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments