HomeBreaking News'मैं मर भी सकती थी', कार की टक्कर के बाद पहली बार...

‘मैं मर भी सकती थी’, कार की टक्कर के बाद पहली बार बोलीं बाइक राइडर सिया, आरोपी के दावों पर उठाए सवाल, कहा- कार की लेन बदली, गंदे-गंदे इशारे किए और…

Gurugram Hit and Run Case: गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार सिया को कार से टक्कर मारने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा में है। घटना के आरोपी कल्याण बैंसला ने टक्कर होने की बात स्वीकार की है, लेकिन जानबूझकर बाइक को मारने से इनकार किया है। अब सिया ने वीडियो जारी कर बैंसला के बयान को चुनौती दी है और कहा कि टक्कर इतनी खतरनाक थी कि उनकी जान भी जा सकती थी।

‘आपने मुझे देखा, इशारे भी किए’- सिया

सिया ने आरोपी के इस दावे पर सवाल उठाया कि उसे पता नहीं था कि बाइक कौन चला रहा था। उन्होंने कहा, ‘जैसा की इन्होंने कहा कि मुझे तो पता भी नहीं था कि बाइक लड़की चला रही है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता। मेरे बहुत लंबे बाल है, मेरी चोटी बनी हुई थी। आपने वो देखा, आप आए और आपने वो इशारे किए। आपने मुझे बाइक रोकने के लिए भी कहा। उसके बाद कह रहे हैं कि ये 22-23 लोग थे। वो दो वीडियो भी क्यों आई, बाकी क्यों नहीं आई।’

‘अगर नहीं जानते थे तो रुके क्यों नहीं’-सिया

सिया ने कहा कि पूरी घटना के वीडियो से साफ है कि वहां क्या हुआ था। उन्होंने कहा कि अगर कार से टक्कर अनजाने में हुई थी, तब भी चालक को रुककर उनकी स्थिति देखनी चाहिए थी। सिया के मुताबिक, वह कार से टकराकर सड़क पर गिरीं और कुछ दूरी तक घिसटीं। उन्होंने कहा, ‘अगर आपको मेरे लिए इतना ही दुख है तो आप रुके क्यों नहीं।’

‘मैं मर भी सकती थी’-सिया

सिया ने कहा कि कुछ सेकंड का अंतर भी इस घटना को और गंभीर बना सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद आरोपी एक पल के लिए भी यह देखने नहीं रुका कि वह जिंदा हैं या नहीं। सिया ने कहा कि उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गुरुग्राम की सड़कों पर ऐसी घटनाओं से महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ती है।

आरोपी ने माना- टक्कर हुई थी

इससे पहले कल्याण बैंसला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपनी बहन और रिश्ते के दो भाइयों के साथ कार में सफर कर रहा था। पेशे से जिम चलाने वाले और खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बताने वाले बैंसला ने कहा, “मैं अपने परिवार के साथ सफर कर रहा था। मैंने उस युवती को कोई इशारा नहीं किया था, मैंने केवल उससे बाइक धीरे चलाने को कहा था। मैं मानता हूं कि टक्कर हुई थी। अगर मैं उसी समय रुक जाता तो वे लोग हमें पीट देते।”

22 बाइक सवारों का किया दावा

बैंसला ने दावा किया कि घटना के समय करीब 20 से 22 मोटरसाइकिल सवार वहां से गुजर रहे थे। उनके अनुसार, उसे पता नहीं था कि उन बाइकों में से एक पर युवती भी सवार थी। उसने कहा, “करीब 20 से 22 मोटरसाइकिल सवार तेजी से मेरे पास से निकले। मुझे पता नहीं चला कि उन बाइकों में से एक पर एक युवती भी सवार थी। मैंने केवल उससे और उसके साथ मौजूद युवक से धीरे चलने को कहा था। मैंने जानबूझकर उन्हें टक्कर नहीं मारी।”

यू-टर्न पर नियंत्रण खोने की बात

आरोपी ने बताया कि बाइक सवार बिना शीशे में देखे मुड़ रही थी और यू-टर्न के पास उसने कार पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण टक्कर हुई। उसने कहा, “वह बिना शीशे में देखे मुड़ रही थी। तभी यू-टर्न के पास मैंने कार पर नियंत्रण खो दिया और टक्कर हो गई। यह मेरी गलती थी, मैं इसे स्वीकार करता हूं।” बैंसला के मुताबिक, टक्कर के बाद उसने अपने भाई से कार रोकने की बात कही, लेकिन बाइक सवारों की ओर से गाली-गलौज शुरू हो गई।

सिया ने बदसलूकी का भी लगाया आरोप

सिया के मुताबिक, रविवार को वह कुछ अन्य बाइक सवारों के साथ अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक कार उनका पीछा करने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार में मौजूद लोग उनके पास आए और बदसलूकी की। सोशल मीडिया पोस्ट में सिया ने यह भी दावा किया कि कार सवार नशे में लग रहे थे।

कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

सिया ने बताया कि कुछ देर बाद कार ने ओवरटेक करते समय उनकी मोटरसाइकिल को बगल से टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर गईं और कार की चपेट में आने के बाद कुछ मीटर तक घिसटती चली गईं। उनकी बाइक पर लगे कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

सिया के पिता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि पुलिस आरोपी के खिलाफ सबसे सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करे। खासतौर पर हत्या के प्रयास और हिट एंड रन की धाराएं लगाई जाएं, ताकि ऐसे लोगों को सबक मिले और वे दोबारा सड़क पर ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करें। मेरी बेटी अभी ठीक महसूस नहीं कर रही है और आराम कर रही है। वीडियो में हमने जिस तरह की मानसिकता देखी, उससे लगता है कि वे आम लोग नहीं, बल्कि अपराधी हैं। किसी हादसे में शामिल सामान्य व्यक्ति इंसानियत के नाते रुककर पीड़ित की मदद करता, लेकिन इन लोगों ने ऐसा नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने यू-टर्न लिया और तेजी से वहां से फरार हो गए।”

घटना के बाद आरोपी का अकाउंट बंद

पुलिस के अनुसार, रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर तेज गति से आ रही कार ने महिला बाइक सवार को टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। सिया को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद बैंसला ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया। अब वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।

Read More:

फटा पैराशूट, टूटी हड्डियां, 50 घंटे पहाड़ों में छिपा, सिर पर मंडरा रही थी मौत… जानिए ईरान के डेथ जोन से कैसे जिंदा निकला अमेरिकी पायलट?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments