HomeBreaking Newsदिल्ली में छठ पूजा की भव्य तैयारी, 11 KM लंबा बनेगा घाट,...

दिल्ली में छठ पूजा की भव्य तैयारी, 11 KM लंबा बनेगा घाट, 1,400 से ज्यादा घाट होंगे तैयार

दिवाली के बाद अब देशभर में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दिल्ली में भी इस पर्व को लेकर सरकार ने इंतजाम तेज कर दिए हैं। राजधानी में इस साल श्रद्धालुओं के लिए 1,400 से ज्यादा छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि मुनक नहर के किनारे आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट बनाया जा रहा है। दिल्ली सरकार का दावा है कि इस बार श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। छठ पूजा इस साल 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली में रहते हैं और इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

पिछले साल से ज्यादा होंगे छठ घाट

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों की तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। इस साल दिल्ली में 1,400 से ज्यादा घाट बनाए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 1,326 थी। सरकार ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का नियमित निरीक्षण करने को कहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के मुताबिक, शुरुआती दौर में ही बुनियादी सुविधाओं का काम पूरा किया जाए, ताकि अंतिम समय में केवल पानी भरने, टेंट लगाने और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं करनी पड़ें।

मुनक नहर के किनारे बनेगा 11 किलोमीटर लंबा घाट

इस बार मुनक नहर के किनारे बनने वाला 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट खास आकर्षण होगा। यह आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक बनाया जा रहा है। घाट के दोनों तरफ सीढ़ियां और पक्की सड़क तैयार की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी हो। इसके अलावा ठंड की संभावना को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के अनुसार ढके हुए टेंट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार चाहती है कि व्रती और उनके परिवार मौसम की परेशानी के बिना पूजा कर सकें।

महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, घाटों पर CCTV निगरानी

छठ पूजा के दौरान महिला व्रतियों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय बनाने के निर्देश दिए हैं। इनकी साफ-सफाई और उपयोग योग्य स्थिति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से प्रमुख घाटों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले किसी भी रास्ते पर अंधेरा नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। सरकार चाहती है कि सभी श्रद्धालु पूरी आस्था और सम्मान के साथ यह त्योहार मना सकें। छठ के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस पर्व के महत्व और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करती है। साथ ही अधिकारियों को लगातार तैयारियों की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि पूजा के दौरान किसी को परेशानी न हो।

Read More

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट और अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, अब ग्वालियर हाईकोर्ट को भी मिला धमकी भरा ईमेल

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments