गाजियाबाद(Ghaziabad) के राजनगर एक्सटेंशन इलाके में एक निर्माणाधीन मॉल के अंदर सात साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है जिसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता इसी निर्माणाधीन मॉल में काम करते हैं। शुक्रवार शाम करीब सात बजे बच्ची को आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिवार ने उसकी खोज शुरू की और देर रात पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
मॉल के बेसमेंट से बरामद हुआ शव
पुलिस को सूचना मिलने के बाद निर्माणाधीन मॉल परिसर में तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान रात में बेसमेंट से बच्ची का शव बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची के शरीर पर चोट के कई निशान थे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
दो संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कार्यवाहक एसीपी नंदग्राम प्रियाश्री पाल ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच टीम घटनास्थल, आसपास के लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।