Gangster Himanshu Bhau Arrest: विदेश में बैठकर भारत में अपना गैंग चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका के लास वेगास में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की मदद से हुई। अब हरियाणा STF केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसे भारत लाने की प्रक्रिया में जुटी है।
STF के इनपुट पर अमेरिकी एजेंसियों की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, हिमांशु भाऊ के अमेरिका में होने से जुड़ा इनपुट हरियाणा STF की ओर से शेयर किया गया था। इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए उसे लास वेगास से हिरासत में लिया। अमेरिका में ICE के तहत काम करने वाला एन्फोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस (ERO) डिवीजन इमिग्रेशन कानूनों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में हिरासत और देश से निष्कासन की कार्रवाई करता है। अब भारतीय एजेंसियों की नजर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर है।
भारत में 50 से ज्यादा आपराधिक मामले
हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला हिमांशु भाऊ अपराध की दुनिया में महज करीब 17 साल की उम्र में आ गया था। उसे कम उम्र में बाल सुधार गृह भेजा गया था, जहां से वह करीब 20 अन्य लड़कों के साथ फरार हो गया था। उसके खिलाफ हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और धमकी समेत करीब 50 मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जुड़े मामलों में भी उसका नाम सामने आया है।
इंटरपोल ने जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस
हिमांशु भाऊ के खिलाफ वर्ष 2023 में इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। बताया जाता है कि वह पहले पुर्तगाल भागा और इसके बाद अमेरिका पहुंच गया। विदेश में रहने के बावजूद वह भारत में अपने गिरोह की गतिविधियां संचालित करता रहा।
एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग में भी नाम
हिमांशु भाऊ का नाम कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक घटनाओं में सामने आया है। इनमें अभिनेता एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी, बर्गर किंग रेस्तरां में हुई हत्या और जिम संचालकों से रंगदारी मांगने के मामले शामिल हैं। हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं के मामलों में भी उसका नाम जोड़ा गया है। वर्ष 2022 में हुई कुछ वारदातों की जिम्मेदारी लेने का दावा भी उससे जुड़े लोगों की ओर से किया गया था।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से पुरानी दुश्मनी
हिमांशु भाऊ को लॉरेंस बिश्नोई का कट्टर दुश्मन माना जाता है। बताया जाता है कि उसकी नजदीकी नीरज बवाना और बंबीहा गिरोह से रही है, जबकि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से उसकी दुश्मनी रही है। हाल में लॉरेंस गैंग के गुर्गों द्वारा अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना ने भी विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के भारत में आपराधिक नेटवर्क को लेकर चिंता बढ़ाई थी।
भारत लाने की प्रक्रिया पर टिकी नजर
हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी को भारतीय एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अब केंद्रीय एजेंसियां और हरियाणा STF अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत लाया जा सके। उसके प्रत्यर्पण से भारत में दर्ज हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, धमकी और फायरिंग समेत कई मामलों की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
Read More:


[…] […]