मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित गोराई-मनोरी समुद्र तट पर करीब चार महीने से फंसे एक जहाज में चार लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में आशंका है कि ये लोग चोरी के इरादे से जहाज के अंदर दाखिल हुए थे और वहां गैस रिसाव के बाद दम घुटने से उनकी मौत हुई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
चोरी के लिए जहाज तक पहुंची थी 8 लोगों की टोली
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक जहाज पर पहले भी चोरी की दो घटनाएं हो चुकी थीं। पहली घटना में करीब ढाई लाख रुपये और दूसरी बार करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीसरी बार करीब आठ लोगों का समूह स्पीडबोट के जरिए जहाज तक पहुंचा। इनमें से एक व्यक्ति नाव पर ही रुका रहा, जबकि सात लोग जहाज के अंदर चले गए। इनमें से चार लोग जहाज के अंदरूनी हिस्से में पाइप काटने के लिए आगे गए थे। इसी दौरान जहाज के अंदर गैस रिसाव होने की आशंका है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जहरीली गैस के संपर्क में आने या ऑक्सीजन की कमी के कारण चारों की मौत हो सकती है।
नौसेना की मदद से निकाले गए चारों शव
घटना की सूचना मिलने के बाद गोराई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहाज के अंदर का माहौल जोखिम भरा होने के कारण नौसेना को भी जानकारी दी गई। नौसेना की मदद से चारों शवों को जहाज के भीतर से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जहाज के आसपास मौजूद तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे जहाज तक क्यों पहुंचे थे और कथित चोरी की योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
जहाज मालिक पर भी जांच
जानकारी के मुताबिक यह जहाज करीब चार महीने पहले मनोरी तट पर आकर फंस गया था। जहाज के मालिक के खिलाफ पहले से मामला दर्ज होने की बात सामने आई है और उसके फरार होने की जानकारी है। उसके विदेश में होने की भी आशंका जताई जा रही है। प्राथमिक जांच में यह दावा भी सामने आया है कि जहाज का इस्तेमाल तेल से जुड़े कथित अवैध कारोबार के लिए किया जाता था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जहाज के अंदर की स्थिति और वहां मौजूद सामान की जांच शुरू कर दी है। गैस रिसाव कैसे हुआ, चारों की मौत का वास्तविक कारण क्या था और जहाज पर पहुंचे लोगों की भूमिका क्या थी, इन सवालों का जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
Read More

