HomeCurrent NewsBJP की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक आज... संगठन और चुनावी...

BJP की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक आज… संगठन और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन, अमित शाह कर सकते हैं संबोधित

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नवनियुक्त 65 सदस्यीय टीम की आज पार्टी मुख्यालय में पहली बैठक होने जा रही है। पार्टी की ओर से दिनभर तीन महत्वपूर्ण बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की तैयारियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

बीजेपी की नई टीम के गठन के बाद होने वाली यह पहली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है। ऐसे में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को नई दिशा देने के साथ राज्यों में पार्टी की स्थिति मजबूत करने पर विशेष जोर देने की संभावना है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए चुनावी तैयारियां भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगी।

‘मोदी @25’ कार्यक्रम को लेकर होगी दूसरी बैठक
दोपहर 12 बजे ‘मोदी @25’ कार्यक्रम को लेकर दूसरी बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसी सिलसिले में ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ की तैयारियों पर भी चर्चा की जाएगी।

पार्टी इस आयोजन के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, संगठन में उनके योगदान और विभिन्न जनसेवा (पहले मुख्यमंत्री फिर प्रधानमंत्री के रूप में) अभियानों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

शाम 6 बजे राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक
दिन की तीसरी और अहम बैठक शाम 6 बजे होगी। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया जाएगा। इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।

अमित शाह कर सकते हैं संबोधित
शाम की महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन की संभावना भी जताई जा रही है। उनके संबोधन में संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर पार्टी नेताओं को दिशा-निर्देश मिल सकते हैं।

कुल मिलाकर बीजेपी की नई टीम की पहली बैठक को पार्टी के आगामी राजनीतिक रोडमैप के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तीनों बैठकों के जरिए संगठन, चुनाव और प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर आगे की रणनीति तय किए जाने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments