मिस्र की राजधानी काहिरा के पास रविवार को एक बड़ा रेल हादसा(Egypt train accident) हो गया। गीजा प्रांत के अल-अय्यात इलाके में दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 125 यात्री घायल हुए हैं। मृतकों में एक ट्रेन कंडक्टर भी शामिल है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है।
कहां और कैसे हुआ ट्रेन हादसा?
यह दुर्घटना काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दूर अल-अय्यात जिले में हुई। मिस्र के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, फयूम प्रांत की तरफ जा रही एक यात्री ट्रेन उसी दिशा में असवान की ओर बढ़ रही दूसरी ट्रेन के पिछले डिब्बे से टकरा गई।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि काहिरा-असवान ट्रेन उसी रेलवे ट्रैक पर खड़ी थी तभी पीछे से आ रही गीजा-फयूम ट्रेन उससे जा भिड़ी। हालांकि, दोनों ट्रेनों के बीच टक्कर किस वजह से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। मामले की जांच के लिए मुख्य अभियोजक कार्यालय की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल यात्री
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दुर्घटना में घायल 125 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 70 से अधिक लोगों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
हादसे के बाद आसपास के गांवों में रहने वाले लोग भी मदद के लिए आगे आए। स्थानीय निवासी अयमन जमाल के मुताबिक, टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई थी। लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने लगे।
इसके साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गईं। स्थानीय लोगों की मदद से कई घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल हादसे की असली वजह जानने के लिए जांच जारी है।