पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से जारी अंदरूनी कलह को समाप्त करने के लिए पार्टी नेतृत्व अब सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल इन दिनों पंजाब दौरे पर हैं और संगठन के भीतर चल रहे मतभेदों को दूर करने के लिए लगातार वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज उनकी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ अहम बैठक होने जा रही है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
चरणजीत सिंह चन्नी ने बताया कि उन्होंने स्वयं पार्टी में एकजुटता बनाए रखने और सभी नेताओं को अपनी बात रखने का अवसर देने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। उनका कहना है कि खुली चर्चा से संगठन के भीतर मौजूद मतभेदों को दूर करने में मदद मिलेगी और पार्टी पहले से अधिक मजबूत होकर सामने आएगी।
जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी विधायक राणा गुरजीत सिंह करेंगे। बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा और राणा गुरजीत सिंह अपने-अपने पक्ष और संगठन से जुड़े मुद्दों को प्रदेश प्रभारी के सामने रखेंगे। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि नेताओं की राय जरूर सुनी जाएगी, लेकिन उनके दबाव में हाल ही में की गई संगठनात्मक नियुक्तियों में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
बैठक के बाद भूपेश बघेल पूरी चर्चा और नेताओं के सुझावों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। यह रिपोर्ट कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और के.सी. वेणुगोपाल को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इस बीच पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी पार्टी में किसी बड़े विवाद से इनकार करते हुए कहा है कि संगठन में सब कुछ सामान्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर नजर आएंगे और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करेंगे।

