जालंधर(Jalandhar) स्थित नेशनल आई केयर हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर दंपती डॉ. पीयूष सूद और उनकी पत्नी डॉ. मीनाक्षी सूद के मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। डॉ. मीनाक्षी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे कई गंभीर आरोप और दावे सामने आ रहे हैं जिससे पूरा मामला और जटिल होता जा रहा है।
हाल ही में एक CCTV फुटेज वायरल होने के बाद इस केस ने नया मोड़ ले लिया है। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में डॉ. पीयूष सूद एक महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में नजर आ रहे हैं। मृतका के परिजनों ने भी इस वीडियो की पुष्टि करते हुए इसे जांच के लिए महत्वपूर्ण सबूत बताया है। परिवार का कहना है कि यह फुटेज अस्पताल परिसर का है और इसे पहले स्वयं डॉ. मीनाक्षी ने निकलवाया था। परिजनों के मुताबिक, इसी वीडियो के सामने आने के बाद दंपती के रिश्तों में तनाव बढ़ा और दोनों के बीच दूरी और गहरी हो गई।
परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया है कि डॉ. पीयूष सूद ने अपनी पत्नी के नाम पर एक थार गाड़ी का लोन लिया था जिसकी किश्तें डॉ. मीनाक्षी अपने वेतन से चुका रही थीं। इसके अलावा परिवार का यह भी कहना है कि उनके नाम पर बिना जानकारी के लगभग 45 लाख रुपये और बाद में करीब 2.5 करोड़ रुपये तक का लोन लिया गया।
परिजनों के मुताबिक, हाल ही में जब डॉ. मीनाक्षी बैंक पहुंचीं तो उन्हें इन बड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली जबकि कथित तौर पर दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर मौजूद नहीं थे। इसके बाद से वह काफी तनाव में रहने लगी थीं।
अस्पताल की कर्मचारी को लेकर भी लगाए गए आरोप
परिवार ने यह भी दावा किया है कि डॉ. पीयूष सूद का अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ संबंध था। पिता के अनुसार, इसी शक के आधार पर डॉ. मीनाक्षी ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए थे जिनमें कुछ संदिग्ध गतिविधियों की बात कही जा रही है। परिजनों ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है।
इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि वैवाहिक विवाद के दौरान डॉ. मीनाक्षी के साथ मारपीट की घटनाएं हुईं और पहले भी कथित रूप से उन पर गंभीर शारीरिक प्रताड़ना के प्रयास किए गए थे।
पति से अलग रह रही थीं मीनाक्षी
जानकारी के मुताबिक, डॉ. मीनाक्षी सूद जुलाई 2025 से अपने पति से अलग रह रही थीं। परिवार का कहना है कि वह तलाक की प्रक्रिया शुरू करने और नए जीवन की योजना बना रही थीं। इसी बीच उन्हें अपने साथ हो रहे इस आर्थिक झोल की जानकारी मिली जिससे उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा।


