Developed Delhi 2047: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सर्वांगीण और सुव्यवस्थित विकास के लिए ‘दिल्ली मास्टर प्लान 2047’ का स्वागत किया है। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी विजन के लिए दिल्ली की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर का हृदय से आभार जताया है।
भावी पीढ़ियों के लिए मजबूत नींव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मास्टर प्लान 2047 महज एक नीतिगत दस्तावेज नहीं है, बल्कि ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव है। इसके जरिए भावी पीढ़ियों के लिए हरित, आधुनिक और सुविधाजनक शहर तैयार करने का भरोसा मिलेगा।
झुग्गी इलाकों में मिलेंगे पक्के मकान
मास्टर प्लान में दिल्ली की बढ़ती आबादी, यातायात के दबाव और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों को उसी स्थान पर पक्के और आधुनिक मकान उपलब्ध कराने के संकल्प को गति देने की बात कही गई है।
दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, माननीय गृह मंत्री श्री @AmitShah जी और माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @mlkhattar जी का समस्त दिल्लीवासियों की ओर से हृदय से आभार।#ViksitDelhi pic.twitter.com/9T2yAR24dc
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 20, 2026
FAR बढ़ने से खुलेगा पुनर्विकास का रास्ता
अधिक फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) मिलने से पुरानी आवासीय कॉलोनियों, अनधिकृत कॉलोनियों और व्यावसायिक बाजारों के पुनर्विकास के नए अवसर खुलेंगे। इससे राजधानी के पुराने और घने इलाकों को बेहतर तरीके से विकसित करने में मदद मिलेगी।
प्रदूषण-मुक्त परिवहन और हरित क्षेत्रों पर जोर
बढ़ती आबादी और परिवहन की जरूरतों को देखते हुए मास्टर प्लान में प्रदूषण-मुक्त परिवहन, हरित क्षेत्रों के विस्तार और आधुनिक पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दी गई है। इसका उद्देश्य दिल्ली को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर शहर बनाना है।
कॉलोनियों के विकास के नियम होंगे आसान
कॉलोनियों के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रशासनिक और निर्माण संबंधी नियमों को सरल बनाया गया है। इससे विकास कार्यों को गति देने और लोगों तक बेहतर नागरिक सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
LG के साथ तालमेल से लागू होगा प्लान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के साथ बेहतर तालमेल बनाकर मास्टर प्लान को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का दिल्ली की जनता की ओर से हृदय से आभार है। उन्होंने मास्टर प्लान 2047 को विकसित दिल्ली का पूरा रोडमैप बताते हुए कहा कि सरकार उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी की मदद से इस विजन को धरातल पर उतारकर विकसित दिल्ली के संकल्प को निर्णायक रूप से आगे बढ़ाएगी।
Read More:

