राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली है। एनसीआर(Delhi-NCR) के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई है। जिसके बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत देखने को मिली है। ठंडी हवाओं और बारिश की बूंदों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया जिससे लंबे समय से गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत महसूस की।
बीते कई दिनों से दिल्ली-NCR में उमस और तेज गर्मी का असर बना हुआ था। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से बीच-बीच में राहत मिल रही थी लेकिन धूप निकलने के बाद गर्मी फिर बढ़ जाती थी। सोमवार को भी सुबह से दोपहर तक तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर बाद आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट से मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिला।
मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बारिश से बदली दिल्ली की तस्वीर
मंगलवार यानी आज के दिन हुई बारिश ने दिल्ली के मौसम को काफी हद तक बदल दिया है। आपको बता दें कि सड़कों पर बारिश की फुहारों के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मौसम में नमी बने रहने के कारण कुछ स्थानों पर उमस का असर अभी भी महसूस किया जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान नियंत्रित रहने के साथ लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।