Delhi Mega Plantation Drive 2026: दिल्ली सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आज यानी 7 जुलाई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 70 लाख पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 300 नई इलेक्ट्रिक बसों का भी लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जन कल्याण से जुड़े अन्य विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया जाएगा।
दिल्ली को हरित बनाने पर सरकार का जोर
दिल्ली सरकार इस अभियान को राजधानी में हरियाली बढ़ाने और वायु प्रदूषण कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है। सरकार का मानना है कि बड़े पैमाने पर पौधारोपण और इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा पर प्रदूषण को कंट्रोल करने में भी मदद मिलेगी।
CM रेखा ने की खास अपील
CM रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा, ‘शुरुआत माननीय गृह मंत्री जी करेंगे, लेकिन इस संकल्प को एक जन-आंदोलन बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।’ उन्होंने कहा कि अब वायु प्रदूषण को दिल्ली की मजबूरी नहीं माना जाना चाहिए। समय आ गया है कि हम हवा बदलें और दिल्ली को हरा-भरा बनाएं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
पोर्टल के जरिए ऐसे बनें अभियान का हिस्सा
अभियान में शामिल होने के इच्छुक लोग (https://greendrive.delhivanmahotsav.in) पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पोर्टल से लोग अपनी सुविधा के अनुसार पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा घर या आसपास लगाने के लिए फ्री पेड़ भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें भाग ले सकें।
‘वृक्ष रथ’ और ‘ग्रीन वॉरियर’ की भी सुविधा
सामुदायिक पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए कॉलोनियों और हाउसिंग सोसायटियों में खास ‘वृक्ष रथ’ को आमंत्रित किया जा सकेगा। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक्टिव नागरिक पोर्टल पर खुद को ‘ग्रीन वॉरियर’ के रूप में पंजीकृत कर इस अभियान से जुड़ सकते हैं। दिल्ली सरकार का उद्देश्य इस पहल को लोगों की मदद से बड़ा अभियान बनाते हुए दिल्ली को साफ , हरा-भरा और स्वस्थ शहर बनाना है।
Read More:

