दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना शुरू करने का बड़ा फैसला किया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को अकेलेपन और तनाव से दूर रखकर एक सक्रिय, खुशहाल और गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करना है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार, समाज और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं, और उनकी देखभाल व सम्मान के लिए इन मनोरंजन केंद्रों को पूरे शहर में विकसित किया जाएगा।
दिल्ली के वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार, समाज और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ‘वयो आनंद’ योजना शुरू करने जा रही है।
इसके तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसे सुविधाजनक केंद्र विकसित किए जाएंगे, जहां योग-ध्यान,…
— CMO Delhi (@CMODelhi) August 28, 2026
मनोरंजन, योग और स्वास्थ्य से लैस होंगे केंद्र
‘वयो आनंद’ योजना के तहत बनने वाले केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुआयामी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन केंद्रों में इनडोर खेल, टीवी, कंप्यूटर, समाचार पत्र, पत्रिकाएं और पुस्तकों की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही दैनिक रूप से योग और ध्यान सत्र तथा हर महीने मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। केंद्रों पर कहानी सुनाने, पेंटिंग, क्राफ्ट, मिट्टी के बर्तन बनाने (पॉटरी), पोषण संबंधी परामर्श और बाहरी पर्यटन (आउटडोर ट्रिप्स) जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय पर्वों, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर साल में कम से कम 5 से 6 विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
हर महीने ₹20,000 की वित्तीय सहायता और सुरक्षा मानक
दिल्ली सरकार उन पात्र केंद्रों को 2.40 लाख रुपये सालाना की वित्तीय सहायता देगी, जिनमें 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के कम से कम 200 पंजीकृत सदस्य होंगे। ये केंद्र सप्ताह में कम से कम 5 दिन और प्रतिदिन 7 घंटे संचालित होंगे। बुजुर्गों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए केंद्रों के स्थान के लिए ग्राउंड फ्लोर या लिफ्ट वाली इमारतों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां हवा की उचित व्यवस्था और शौचालय की सुविधा अनिवार्य होगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इन केंद्रों को नजदीकी अस्पतालों और पुलिस स्टेशनों से सीधा जोड़ा जाएगा।
महिलाओं, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर बुजुर्गों पर विशेष ध्यान
इस योजना में समाज के हर वर्ग के समावेश का पूरा ध्यान रखा गया है। योजना के तहत महिलाओं, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से बुजुर्ग न केवल समाज से जुड़े रहेंगे, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहेगा।
READ MORE: ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई खत्म नहीं: डोनाल्ड ट्रंप

