भारतीय क्रिकेट में चयन समिति से जुड़ा एक बड़ा बदलाव हुआ है। टीम इंडिया के सीनियर पुरुष चयन पैनल के प्रमुख अजीत अगरकर का कार्यकाल अब समाप्त हो गया है। जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी संभालने वाले अगरकर का कार्यकाल उपलब्धियों और कई अहम फैसलों के लिए जाना जाएगा। हालांकि, उनके कार्यकाल के दौरान कुछ चयन फैसलों को लेकर सवाल और विवाद भी सामने आए। हालांकि अब अगरकर के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें विदाई दी और उनके योगदान की जमकर सराहना की।
गंभीर ने अगरकर के लिए लिखी भावुक पोस्ट
गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अजीत अगरकर के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि अगरकर के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात रही।

गंभीर ने अपने संदेश में अगरकर के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की तीन आईसीसी ट्रॉफियां उनके मजबूत विश्वास और टीम को हमेशा प्राथमिकता देने वाली सोच को दर्शाती हैं। गंभीर ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इतिहास अगरकर के योगदान का मूल्यांकन सकारात्मक तरीके से करेगा। मुख्य कोच ने अगरकर को उनके योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
4 अक्टूबर को समाप्त हुआ कार्यकाल
जानकारी के मुताबिक, अजीत अगरकर का मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्यकाल 4 अक्टूबर को पूरा हुआ। इसके बाद गुवाहाटी में हुई भारतीय टीम की चयन बैठक में अगरकर शामिल नहीं हुए।
फिलहाल बीसीसीआई ने चयन समिति के सदस्य और पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन संबंधी जिम्मेदारियां संभालने के लिए कहा है। ऐसे में ओझा अंतरिम मुख्य चयनकर्ता की भूमिका में नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स में यह भी चर्चा है कि भविष्य में स्थायी मुख्य चयनकर्ता के पद के लिए ओझा को संभावित उम्मीदवारों में शामिल किया जा सकता है। चयन समिति के मौजूदा सदस्यों में ओझा के पास टेस्ट क्रिकेट का भी पर्याप्त अनुभव है।

अगरकर के कार्यकाल में भारत ने जीतीं 3 आईसीसी ट्रॉफियां
अजीत अगरकर के कार्यकाल की सबसे बड़ी खासियत भारतीय टीम की सीमित ओवरों की सफलता रही। उनकी अगुवाई वाली चयन समिति के दौरान टीम इंडिया ने तीन बड़े आईसीसी खिताब अपने नाम किए।

भारत ने 2024 और 2026 में टी20 विश्व कप जीता, जबकि 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी पर भी कब्जा किया। इसके अलावा भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंची थी। इस तरह अगरकर की चयन समिति द्वारा चुनी गई भारतीय टीम ने पिछले कुछ वर्षों में चार बड़े आईसीसी सफेद गेंद टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई और इनमें से तीन में खिताब जीतने में सफलता हासिल की।
कई दिग्गज खिलाड़ियों के करियर में भी आए बड़े मोड़
अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारतीय क्रिकेट में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिले। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर इस दौरान महत्वपूर्ण फैसले हुए।

इसी वजह से अगरकर का कार्यकाल केवल उपलब्धियों के लिए ही नहीं, बल्कि चयन से जुड़े कई महत्वपूर्ण और बहस वाले फैसलों के लिए भी चर्चा में रहा। हालांकि, आंकड़ों के लिहाज से देखें तो इस दौरान भारतीय टीम ने आईसीसी स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया और तीन बड़ी ट्रॉफियां जीतने में सफल रही।

