HomeBreaking Newsलॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी, शेड्यूल हुआ जारी, भारत...

लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी, शेड्यूल हुआ जारी, भारत समेत इन टीमों ने बनाई जगह

लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी की तैयारियां तेज हो गई हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पुरुष और महिला क्रिकेट के क्वालिफायर मुकाबलों के लिए जनवरी-फरवरी 2028 की समयसीमा तय की है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में दुबई में हुई बैठकों के बाद ICC ने अपने सदस्य बोर्डों के साथ आगामी वैश्विक टूर्नामेंटों का कार्यक्रम साझा किया है। इसमें ओलंपिक क्वालिफिकेशन से जुड़ी तारीखों और टीमों के चयन की प्रक्रिया का भी उल्लेख है। क्रिकेट 1900 के बाद पहली बार ओलंपिक में वापसी करेगा।

पुरुष और महिला वर्ग में आठ-आठ टीमें करेंगी दावेदारी

रिपोर्ट के मुताबिक, ओलंपिक क्रिकेट के पुरुष और महिला दोनों वर्गों के क्वालिफायर में आठ-आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों को ICC निर्धारित क्वालिफिकेशन मानदंडों के आधार पर अंतिम रूप देगा। इन मुकाबलों के जरिए ओलंपिक में जगह बनाने वाली टीमों की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

महिला क्रिकेट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन टीमों ने इस साल हुए टी20 विश्व कप में प्रदर्शन और अपने-अपने महाद्वीपों की शीर्ष रैंकिंग वाली टीमों के आधार पर क्वालिफाई किया है। ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को इस खेल के वैश्विक विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे उन देशों में भी क्रिकेट को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जहां यह खेल अभी व्यापक रूप से लोकप्रिय नहीं है।

अमेरिका की ओलंपिक एंट्री के लिए रैंकिंग की शर्त

मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में हिस्सा लेने का पात्र माना गया है, लेकिन इसके लिए रैंकिंग से जुड़ी शर्त रखी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका को 30 जून से 31 दिसंबर 2026 तक की क्वालिफिकेशन अवधि में शीर्ष 15 टीमों में जगह बनानी होगी। अगर अमेरिका 31 दिसंबर 2026 तक महिला वर्ग में यह रैंकिंग शर्त पूरी नहीं कर पाता, तो उसकी संभावित जगह का फैसला ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की स्टैंडिंग के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए 1 मार्च 2027 की कट-ऑफ तारीख तय की गई है। पुरुष वर्ग में अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया की टीमों की 31 दिसंबर 2026 तक की रैंकिंग भी क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाएगी। इन क्षेत्रों की शीर्ष चार टीमों को ओलंपिक में जगह दिलाने की व्यवस्था का उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है।

2027 से 2031 तक ICC के कैलेंडर में कई बड़े टूर्नामेंट

ICC के साझा कार्यक्रम के मुताबिक, 2027 से 2031 के बीच होने वाले वनडे विश्व कप चक्र के दौरान 12 पुरुष, सात महिला और पांच अंडर-19 टूर्नामेंट निर्धारित हैं। इस सूची में क्वालिफायर प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं। ICC ने 2021 में कई प्रमुख वैश्विक टूर्नामेंटों के आयोजन को अंतिम रूप दिया था, जबकि अब कुछ अन्य प्रतियोगिताओं की तारीखें भी तय की गई हैं। इसके अलावा, 2029 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल इंग्लैंड में 8 से 12 जून तक आयोजित किया जाना निर्धारित है। कुछ प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम की जानकारी अभी सामने आना बाकी है।

Read More

माली के बेटे से BCCI चेयरमैन तक, परविंदर अवाना बने जूनियर सेलेक्शन कमेटी के नए चीफ, जानें पूरी कहानी

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments