NEET UG 2026 परीक्षा एक बार फिर विवादों में आ गई है। पेपर लीक के बाद अब OMR शीट को लेकर नया मामला सामने आया है। काउंसलिंग शुरू होने से ठीक पहले छह छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दावा किया है कि उनकी OMR शीट में दर्ज उत्तर और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की वेबसाइट पर अपलोड की गई OMR शीट के उत्तर आपस में मेल नहीं खाते।
छात्रों ने मामले की जल्द सुनवाई की मांग की है क्योंकि 5 अगस्त से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने वाली है। याचिका में छात्रों का कहना है कि परीक्षा के दौरान उन्होंने OMR शीट पर जो उत्तर भरे थे वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई OMR शीट में वे उसी रूप में दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनका आरोप है कि अपलोड किए गए रिकॉर्ड में उत्तर अलग-अलग नजर आ रहे हैं, जिससे उनके परिणाम प्रभावित हो सकते हैं।
कौन पहुंचे सुप्रीम कोर्ट?
छात्रों की ओर से पेश वकील ने सुप्रीम कोर्ट की पीठ को बताया कि याचिका छह ऐसे अभ्यर्थियों की ओर से दायर की गई है, जिन्होंने परीक्षा में 600 से 650 अंक प्राप्त किए हैं। इसके बावजूद उनका दावा है कि उनकी OMR शीट में दर्ज उत्तरों में गड़बड़ी दिखाई दे रही है। उन्होंने अदालत से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जल्द सुनवाई की मांग की है।
NTA से संपर्क के बाद भी नहीं मिला समाधान
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कई बार NTA को ईमेल भेजे और एजेंसी के कार्यालय में भी संपर्क किया लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने न्याय पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। छात्रों की दलील सुनने के बाद अदालत ने मामले पर शीघ्र सुनवाई के लिए सहमति जताई है।
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा पेपर लीक की घटना के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई गई। हालांकि, परिणाम जारी होने के बाद भी कई तरह के सवाल और विवाद सामने आए। वहीं, NTA ने पहले ऐसे आरोपों को खारिज करते हुए अपनी प्रक्रिया को सही बताया था।