उत्तर प्रदेश में PM पोषण योजना के तहत परिषदीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले 3.53 लाख रसोइयों को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में रसोइयों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से 11 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए।
रसोइयों के लिए चार बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के लिए चार बड़े फैसलों का ऐलान किया। इनमें मानदेय में बढ़ोतरी, दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि में वृद्धि शामिल है। CM ने बताया कि साड़ी खरीदने के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। वहीं, रसोइयों को अब पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए वे सरकार द्वारा सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार करा सकेंगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अभी तक रसोइयों के लिए पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था नहीं थी। अब उनके बैंक खाते खुलवाकर मानदेय की राशि सीधे खाते में भेजी जाएगी। दुर्घटना की स्थिति में उन्हें दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि रसोइए स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उनके स्वास्थ्य और पोषण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए सरकार ने उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठाई है।
स्कूलों में रसोई गैस की व्यवस्था
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले स्कूलों में लकड़ी से भोजन पकाया जाता था, जिससे रसोइयों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता था। अब प्रदेश के स्कूलों में शत-प्रतिशत रसोई गैस की व्यवस्था की जा चुकी है। इससे भोजन बनाने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य को भी ध्यान में रखा गया है। उन्होंने रसोइयों से अपील की कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। रसोई की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और भोजन तैयार करते समय किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करने की हिदायत भी दी।
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने 2027 का किया जिक्र
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्थानीय अंदाज में रसोइयों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि अब रसोइयों को मानदेय बढ़ने के साथ बीमारी की स्थिति में पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा भी मिलेगी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया और सरकार के कामकाज का आकलन करने की बात कही।
Read More
PM मोदी ने 20 स्पेस स्टार्टअप्स के CEO से की मुलाकात, भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को नई ऊंचाई देने पर चर्चा