रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाएं UP रोडवेज की बसों में अपने एक साथी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन को विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे मुफ्त यात्रा की सुविधा
रक्षाबंधन के मद्देनजर महिलाओं को यह सुविधा करीब 24 घंटे तक मिलेगी। 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक UPSRTC की बसों में महिलाएं अपने एक साथी के साथ बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान बसों की उपलब्धता पर्याप्त रखी जाए, ताकि महिलाओं को घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
एंटी-रोमियो स्क्वॉड रहेगा सक्रिय
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एंटी-रोमियो स्क्वॉड पूरी तरह सक्रिय रहे और प्रमुख मार्गों, बस अड्डों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए। इसके साथ ही प्रमुख रूटों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
नशे में बस चलाने वाले ड्राइवरों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में नशे की हालत में बस चालक को वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसके लिए बस ड्राइवरों की स्क्रीनिंग और लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा निजी बसों, ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन कराया जाएगा।
Read More
अमेरिका के 50% टैरिफ का कनाडा ने दिया जवाब, PM कार्नी बोले- 8 सितंबर से डॉलर-टू-डॉलर लगाएंगे शुल्क

