CM Mann Mohali Visit: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज मोहाली में एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का कार्यक्रम जारी करेंगे। पंजाब सरकार पहली बार इस प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी चैंपियन ट्रॉफी की मेजबानी कर रही है। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले पंजाब में ही खेले जाएंगे।
मोहाली में होगा ऐलान
शेड्यूल की घोषणा ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम, मोहाली में की जाएगी। प्रतियोगिता के मुकाबले मोहाली और जालंधर में आयोजित किए जाएंगे। इसे राज्य में अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
एशियाई खेलों के बाद मुकाबला
एशियाई खेल 3-4 अक्तूबर को खत्म होंगे। इसके बाद शानदार प्रदर्शन करने वाली शीर्ष छह हॉकी टीमें एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर पंजाब में पिछले काफी समय से बैठकों और तैयारियों का दौर जारी है।
पंजाब की हॉकी विरासत
पंजाब का भारतीय हॉकी से पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। राज्य ने देश को कई दिग्गज और ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी दिए हैं। जालंधर की समृद्ध खेल परंपरा से लेकर मोहाली के आधुनिक खेल ढांचे तक, पंजाब में हॉकी की मजबूत पहचान रही है।
खेल सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि पंजाब की खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के साथ खेल से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाना जरूरी है। एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी इसी दिशा में राज्य के लिए अहम अवसर मानी जा रही है।
पंजाब में पहली बार मेजबानी
पहली बार पंजाब सरकार द्वारा इस पुरुष हॉकी चैंपियन ट्रॉफी की मेजबानी किए जाने से राज्य में खेल फैंस के बीच भी उत्साह है। मोहाली और जालंधर में होने वाले मुकाबलों से पंजाब की हॉकी विरासत और आधुनिक खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाने का मौका मिलेगा।
Read More:

