त्योहारी सीजन में मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए पंचकूला में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM Flying Squad) और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-14 और 15 के चौक के पास अमरटैक्स नाके पर एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की। वाहन में रखे तीन आइस बॉक्स कंटेनरों की तलाशी के दौरान एक कंटेनर से करीब 70 किलो पनीर मिला जो शुरुआती जांच में खराब और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शम्मी गहलौत और टीम के अन्य सदस्यों के मुताबिक, पनीर का रंग, गंध और बनावट सामान्य मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नियमानुसार पनीर का नमूना लेकर सील किया और जांच के लिए एफएसएसएआई से अधिसूचित प्रयोगशाला में भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि बाकी 70 किलो पनीर को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट कर दिया गया। इसके लिए सेक्टर-14 की मंडी में जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाया गया और पनीर को उसमें दबा दिया गया।
पंजाब से लेकर जा रहा था पनीर
पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने बताया कि वह पनीर पंजाब से लेकर जीरकपुर की ओर जा रहा था और पंचकूला उसके लिए रास्ते का हिस्सा था। हालांकि, वह मौके पर पनीर से संबंधित बिल और खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने वाहन का नंबर और संबंधित फर्म की जानकारी दर्ज कर ली है।
दीपावली को लेकर विशेष जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली के मद्देनजर विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें दूध, पनीर, खोया और मिठाइयों की दुकानों पर लगातार जांच और सैंपलिंग कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
यदि नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित पनीर मालिक और सप्लायर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
[…] […]