BJP Meeting: भाजपा की केंद्रीय टीम में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत संगठन और सरकार से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया है। सूत्रों के मुताबिक यह बैठक संगठनात्मक बदलावों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
कई बड़े नेता रहे मौजूद
सूत्रों के मुताबिक बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, संगठन महासचिव बीएल संतोष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ पदाधिकारी अरुण कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के भी बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। यह बैठक चार घंटे से अधिक समय तक चली, जिससे इसके महत्व का अंदाजा लगाया जा रहा है।
केंद्रीय टीम में बदलाव पर हुई चर्चा
हालांकि ,पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। लेकिन सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान भाजपा की केंद्रीय टीम में संभावित फेरबदल और संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में संगठनात्मक ढांचे में कुछ बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।
नई टीम में वरिष्ठ और युवा चेहरों का संतुलन
सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा की नई केंद्रीय टीम की घोषणा इसी महीने की जा सकती है। नई टीम में अनुभवी और युवा नेताओं के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही ऐसे नेताओं को भी संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं, जो फिलहाल सरकार में अलग-अलग पदों पर कार्यरत हैं।
हाल में हुए संगठनात्मक बदलाव
पिछले महीने भाजपा ने कई राज्यों में संगठनात्मक नियुक्तियां की थीं। पार्टी ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की थी। दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा, पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों, हरियाणा में अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उत्तर प्रदेश में भी बदले गए जिला अध्यक्ष
संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तहत भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में भी नए जिला अध्यक्ष नियुक्त किए थे। इनमें वाराणसी, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया और अंबेडकर नगर शामिल हैं। पार्टी इन बदलावों के जरिए जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखे जा रहे बदलाव
राजनीतिक जानकार संगठन में हो रहे इन बदलावों को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं। भाजपा कई राज्यों में अपनी सत्ता बरकरार रखने के साथ-साथ नए क्षेत्रों में राजनीतिक विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में केंद्रीय और राज्य स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल को पार्टी की दीर्घकालिक चुनावी योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
Read More:

