बेंगलुरु(Bengaluru) की एक घटना इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। मामला एक ऑटो ड्राइवर का है, जिसे शुरुआत में देखकर उसके ऑटो में बैठी सवारी को लगा कि वह सड़क पर चल रही एक लड़की को परेशान कर रहा है। लेकिन कुछ ही देर बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई और ड्राइवर की मदद देखकर सवारी भी उसकी तारीफ करने लगी। यह घटना कॉर्पोरेट कर्मचारी चेतना सर्राफ ने सोशल मीडिया पर साझा की। उनके मुताबिक, वह उबर ऑटो से सफर कर रही थीं।
रास्ते में एक लड़की की स्कूटी खराब हो गई और वह सड़क पर परेशान खड़ी थी। ऑटो ड्राइवर तनजीम ने स्थिति देखी तो उसने अपनी गाड़ी धीमी कर दी। इसके बाद उसने अपने पैर की मदद से स्कूटी को आगे बढ़ाना शुरू किया। बताया गया कि तनजीम करीब 10 से 15 मिनट तक इसी तरह स्कूटी को सहारा देते रहे और लड़की को सुरक्षित जगह तक पहुंचाने में मदद की।
सवारी ने की ड्राइवर की तारीफ
तनजीम की इस मदद से प्रभावित होकर चेतना ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। उन्होंने उबर इंडिया को टैग करते हुए ऐसे ड्राइवर की सराहना करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि तनजीम जैसे मददगार ड्राइवर की कमाई बढ़ाने पर भी कंपनी को विचार करना चाहिए।
सोशल मीडिया पर मिल रही खूब तारीफ
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने तनजीम की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने कहा कि पहली नजर में गलतफहमी हो सकती है, लेकिन असलियत सामने आने के बाद ड्राइवर की मदद करने की भावना साफ दिखाई दी। लोगों का मानना है कि ऐसी सकारात्मक कहानियां ज्यादा सामने आनी चाहिए, क्योंकि ये समाज में भरोसे और इंसानियत का संदेश देती हैं।