उत्तर प्रदेश में बीते दिन आई तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के कई जिलों में हुए हादसों में अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई लोग घायल हुए हैं, पशुओं की भी हानि हुई है और किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। इस आपदा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए।
“लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी” – CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति सरकार की गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। CM ने साफ कहा कि पीड़ितों को सहायता पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और हर प्रभावित परिवार तक तत्काल मदद पहुंचाने को कहा गया है।
फसल और संपत्ति नुकसान का होगा सर्वे
मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत प्रभावित इलाकों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करें। सरकार ने मकान, फसल, पशु और अन्य संपत्ति को हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द शासन को भेजने को कहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद मुआवजा और बीमा क्लेम की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।
किसानों और पशुपालकों को भी राहत
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ जनहानि ही नहीं, बल्कि पशु हानि और फसल नुकसान से प्रभावित लोगों को भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पीड़ित परिवार मदद के लिए भटके नहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
कई जिलों में भारी नुकसान
बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं से प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में खराब मौसम की आशंका जताई है। ऐसे में प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
Read More

