अलीगढ़(Aligarh) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय परिसर में फायर फाइटिंग सिस्टम की धातु की टोंटी खोलने की कोशिश कर रहे एक युवक को सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर ही पकड़ लिया। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
जानकारी के मुताबिक, रात लगभग नौ बजे अस्पताल परिसर में एक युवक फायर सेफ्टी सिस्टम के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को उसकी हरकतों पर शक हुआ। जब उससे पूछताछ की गई तो वह रिंच और पाना जैसे औजारों की मदद से फायर सिस्टम के हिस्सों को खोलने की कोशिश करता पाया गया।
मौके पर पकड़ा गया आरोपी
सतर्क गार्डों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। गिरफ्त में आने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और वह माफी मांगते हुए छोड़ देने की गुहार लगाने लगा। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दी गई जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस जांच जारी
थाना प्रभारी अरुण कुमार के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े किए हैं हालांकि गार्डों की सतर्कता से किसी प्रकार का नुकसान होने से बच गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एमके माथुर ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से चोरी की यह कोशिश नाकाम रही। उन्होंने सभी गार्डों और कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।