Agni 4 Ballistic Missile Test Successful: भारत ने अपनी सैन्य क्षमता को एक बार फिर मजबूती देते हुए सतह से सतह पर मार करने वाली मध्य दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल (MRBM) अग्नि-4 का देर रात सफल परीक्षण किया है। ओडिशा के चांदीपुर तट से बुधवार रात स्ट्रैटेजिक फोर्स कमांड के नेतृत्व में किए गए इस यूजर ट्रायल में मिसाइल ने सभी तकनीकी और परिचालन मानकों को सफलता के साथ पूरा किया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह परीक्षण भारत की रणनीतिक तैयारी और रक्षा क्षमता को और मजबूत करता है।
रात में हुआ सफल यूजर ट्रायल
बुधवार रात ओडिशा के चांदीपुर तट पर अग्नि-4 मिसाइल का सफल रात्रिकालीन परीक्षण किया गया। यह परीक्षण स्ट्रैटेजिक फोर्स कमांड के नेतृत्व में पूरा हुआ। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूजर ट्रायल के दौरान मिसाइल ने अपने सभी तकनीकी और परिचालन मानकों को 100% सटीकता के साथ पूरा किया, जिससे इसकी विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता की पुष्टि हुई।
4000 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम
अग्नि-4 ठोस ईंधन से संचालित दो चरणों वाली मध्य दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल (MRBM) है। इसकी मारक क्षमता लगभग 4,000 किलोमीटर है, जिससे यह लंबी दूरी पर स्थित लक्ष्यों को सटीकता के साथ निशाना बना सकती है। आधुनिक तकनीक से लैस यह मिसाइल भारत की सामरिक प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत बनाती है।
पूरा चीन आता है इसकी रेंज में
4,000 किलोमीटर की मारक क्षमता के कारण भारत दक्षिण एशिया से लेकर चीन के सुदूर क्षेत्रों तक रणनीतिक लक्ष्यों पर प्रभावी जवाबी कार्रवाई करने की क्षमता रखता है। यह सफल परीक्षण भारत की मिनिमम कैलेबल डिटरेंस की नीति को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।
आपात स्थिति में तुरंत हो सकती है तैनात
अग्नि-4 ठोस ईंधन से संचालित होने के कारण इसे कम समय में लॉन्च के लिए तैयार किया जा सकता है। यह मोबाइल लॉन्चर से दागी जा सकती है, जिससे आपात परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देना संभव होता है और रणनीतिक संचालन की क्षमता बढ़ती है।
स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड की तैयारी हुई और मजबूत
इस साल अग्नि-प्राइम और अग्नि-3 के सफल परीक्षणों के बाद अग्नि-4 का सफल यूजर ट्रायल भारतीय सेना की स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड की परिचालन तैयारियों को भी बताता है। यह परीक्षण संकेत देता है कि जरुरत पड़ने पर भारत अपनी परमाणु-सक्षम मिसाइल प्रणाली का प्रभावी ढंग से संचालन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Read More:

