HomeBreaking Newsउन्नाव साधु हत्याकांड का आरोपी का हुआ एनकाउंटर, मंदिर में बजने वाला...

उन्नाव साधु हत्याकांड का आरोपी का हुआ एनकाउंटर, मंदिर में बजने वाला साउंड सिस्टम बना मौत की वजह…

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में चर्चित साधु हत्याकांड(Unnao Sadhu Murder) के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल की रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने की कोशिश के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टीला कस्बे से जुड़ा है। यहां रहने वाले बाबा मिलन दास अपनी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करा रहे थे। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, मंदिर में साउंड सिस्टम बजाने को लेकर उनका कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद 9 जून को दिनदहाड़े बाबा मिलन दास पर धारदार हथियार से हमला किया गया जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी और लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इसराइल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

चार आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार

पुलिस जांच के दौरान मामले में नामजद चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। हालांकि, मुख्य आरोपी इसराइल लगातार पुलिस की पकड़ से दूर था। उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं और उस पर इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था जिससे उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी।

पुलिस को देर रात मिली सूचना

उन्नाव के पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के अनुसार, रविवार रात करीब 3:40 बजे बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी इसराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है और किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

सरेंडर के बजाय की फायरिंग

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने हथियार निकालकर पुलिस पर गोली चला दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं SOG के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें इसराइल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें : SC आयोग के समन पर नहीं पहुंचे केंद्रीय मंत्री बिट्टू, अब 24 जून को फिर तलब, जानिए क्या है पूरा मामला…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments