दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SFJ आतंकी पन्नू के दो स्लीपर सेल गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चालक है।
दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा भेजे गए दो स्लीपर सेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने 26 जनवरी से ठीक पहले दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में दीवारों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ लिखकर अशांति फैलाने की कोशिश की थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चालक है।
₹2 लाख के लालच में किया गया हायर
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस पूरी साजिश के लिए इन दोनों को ₹2 लाख का लालच दिया गया था। जांच में खुलासा हुआ है कि कनाडा में बैठे पन्नू के एक करीबी ने इन आरोपियों को इस काम के लिए हायर किया था।
तिलक नगर निवासी मास्टरमाइंड कनाडा फरार
पुलिस ने बताया कि इस साजिश का मास्टरमाइंड तिलक नगर निवासी एक व्यक्ति है, जो 26 जनवरी से कुछ दिन पहले ही कनाडा फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि वह सीधे गुरपतवंत सिंह पन्नू के संपर्क में था और उसी के निर्देश पर यह साजिश रची गई। फिलहाल पुलिस पन्नू के अन्य करीबियों और इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
कौन है गुरपतवंत सिंह पन्नू?
गुरपतवंत सिंह पन्नू खालिस्तान समर्थक और प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) का सरगना है। वह लंबे समय से अमेरिका में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है।
पन्नू लगातार भड़काऊ बयान और उकसाने वाले संदेश जारी कर देश में अशांति फैलाने की कोशिश करता रहा है। पिछले साल दीपावली के दौरान भी उसने पंजाब में रहने वाले हिंदुओं को खुलेआम धमकी दी थी। भारत सरकार ने SFJ को आतंकी संगठन घोषित कर प्रतिबंध लगा रखा है। वहीं भारत ने साल 2019 में गुरपतवंत सिंह पन्नू को UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था।
पुलिस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि देश की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
What's Your Reaction?