दक्षिण भारत में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तर भारत में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सुबह एनसीआर के कई क्षेत्रों में धुंध का असर देखा गया। दिल्ली और नोएडा में प्रदूषण का स्तर ‘खराब‘ श्रेणी में बना हुआ है, जो चिंता का विषय है। गुरुवार की सुबह दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 207, नोएडा में 213, और गाजियाबाद में 246 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सोनीपत में AQI 192 और फरीदाबाद में 182 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। वहीं, दिल्ली के कुछ स्थानों पर AQI बहुत खराब श्रेणी में पहुँच चुका है; जैसे वजीरपुर और शालीमार बाग में 321, और जहांगीरपुरी में 332 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे, लेकिन अब मौसम में सुधार आने की उम्मीद है।
वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम मध्य प्रदेश, और दक्षिण गुजरात में तेज बारिश हुई है। आज भी इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है, खासकर तमिलनाडु, पुडुचेरी, और रायलसीमा के कुछ जिलों में। हालांकि, देश के अधिकांश राज्यों में मानसून का असर कम होता जा रहा है, लेकिन पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का यह दौर जारी है। ऐसे में इन क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।