अंतर्राष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पाकिस्तान अपनी नापाक करतूतों से बाज नहीं आ रहा है सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार फायरिंग की जा रही है इसी कड़ी में मंगलवार देर रात एक बार फिर जम्मू के अखनूर इलाके में गोलीबारी हुई है। जिसमें सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। इस हमले के बाद सेना हाई अलर्ट पर है।
बता दें कि इससे पहले राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की साजिश को नाकाम करते हुए सेना ने सोमवार को दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। इस घटना के बाद पूरी एलओसी पर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। आतंकियों के पास से दो AK 47 राइफल, नाइट विजनयुक्त एम-4 कारबाइन, पिस्टल, आठ ग्रेनेड तथा अन्य युद्ध जैसी सामग्री बरामद भी की गई है।
जम्मू कश्मीर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजोरी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस, सेना तथा सीआरपीएफ की ओर से लगातार गश्त के साथ ही विशेष नाके लगाकर चेकिंग की जा रही है। रोड मार्च निकालकर लोगों को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही है कि बिना किसी डर भय के लोग मतदान के लिए आगे आएं। एसएसपी रणदीप कुमार के अनुसार जंगल क्षेत्र में सेना तथा पैराट्रूपर की मदद ली जा रही है। बता दें कि राजोरी में दूसरे चरण के दौरान 25 सितंबर को मतदान होगा।














