विद्युत जामवाल(Vidyut Jammwa) अपनी फिटनेस, मार्शल आर्ट्स और कठिन योग अभ्यास के लिए खास पहचान रखते हैं। सोशल मीडिया पर भी वह अक्सर ऐसे वीडियो शेयर करते हैं जिनमें उनकी मुश्किल ट्रेनिंग देखकर फैंस हैरान रह जाते हैं। अब मुंबई में हुए ‘स्ट्रीट फाइटर’ के एक स्पेशल इवेंट में उन्होंने एक बार फिर अपनी अनोखी क्षमता का प्रदर्शन किया।
इवेंट के दौरान विद्युत करीब 15 मिनट तक सांस रोककर स्थिर खड़े रहे। कुछ समय बाद उनके शरीर में हल्का कंपन दिखाई देने लगा और आंखों से पानी भी आने लगा। उन्हें इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए चिंतित हो गए हालांकि उन्होंने अपना अभ्यास पूरा किया।
पतंजलि योग सूत्र की तकनीक का किया इस्तेमाल
अपनी साधना के बाद विद्युत ने बताया कि इस अभ्यास के लिए उन्होंने पतंजलि योग सूत्र से जुड़ी एक तकनीक का सहारा लिया। उनके मुताबिक, इस तरह की साधना ने उन्हें जीवन में कई अहम मुकाम हासिल करने में मदद की है। वह इस तकनीक के बारे में युवाओं से भी बात कर चुके हैं।
अभिनेता का मानना है कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने तक सीमित नहीं है। इससे मन को शांत रखने और खुद पर नियंत्रण मजबूत करने में भी मदद मिलती है।
युवाओं को दिया ठहरने का संदेश
विद्युत ने युवाओं से कहा कि आज ज्यादातर लोग लगातार सफलता और नतीजों के पीछे भाग रहे हैं। ऐसे समय में कुछ देर रुकना और खुद को शांत रखना भी जरूरी है। उनके मुताबिक, जीवन में आगे बढ़ने के लिए हर वक्त कुछ करते रहना ही जरूरी नहीं होता। कई बार ठहरना और स्थिर रहना भी एक बड़ी क्षमता होती है।
‘स्ट्रीट फाइटर’ से हॉलीवुड डेब्यू
वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘स्ट्रीट फाइटर’ विद्युत के करियर की खास फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म के जरिए वह हॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं और इसमें वह लोकप्रिय गेमिंग कैरेक्टर धलसिम का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज किया जाएगा। हाल ही में विद्युत को लालबागचा राजा परफॉर्मेंस में भी देखा गया था।