उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित होमगार्ड भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 41,424 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। भर्ती बोर्ड ने सफल अभ्यर्थियों की जिलेवार सूची भी आधिकारिक पोर्टल पर जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर अपना रिजल्ट और मेरिट सूची आसानी से देख सकते हैं।
25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 18 नवंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के साथ हुई थी, जिसमें प्रदेश भर से रिकॉर्ड 25 लाख 32 हजार 196 युवाओं ने आवेदन किया था। इसके बाद 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को राज्य के 74 जिलों में 6 अलग-अलग पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 1 लाख 7 हजार 221 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया था।
जुलाई से अगस्त के बीच संपन्न हुई परीक्षा
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त के बीच आयोजित की गई थी। इसके बाद अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में हिस्सा लिया। सभी कड़े मानकों और चयन चरणों को सफलतापूर्वक पार करने वाले 41,424 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है।
15 साल के लंबे इंतजार के बाद पूरी हुई बड़ी भर्ती
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के पदों पर इतने बड़े पैमाने पर अंतिम भर्ती वर्ष 2011 में मायावती सरकार के कार्यकाल के दौरान जिला स्तर पर कराई गई थी। इसके बाद वर्ष 2018 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान प्रयागराज में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगने के कारण उसे रद्द करना पड़ा था और तत्कालीन जिला कमांडेंट को सस्पेंड कर दिया गया था। लंबे वर्षों के बाद अब जाकर राज्य में होमगार्ड पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई है।
READ MORE: चुनाव से पहले AAP का बड़ा एक्शन, विधायक सुखवीर मैसरखाना को पार्टी से निकाला

