नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में शनिवार को एक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना एस्पायर टावर की बताई जा रही है, जो करीब 80 मंजिल ऊंची इमारत है। पुलिस अब मृतक की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वह सोसाइटी में रहने वाला था या किसी काम से वहां पहुंचा था।
रेलिंग पर कुछ सेकंड तक लटका रहा युवक
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक 43वें फ्लोर की रेलिंग के बाहर लटका नजर आ रहा है। फुटेज में वह कुछ सेकंड तक रेलिंग के आसपास दिखाई देता है। उसी फ्लोर पर एक अन्य व्यक्ति भी नजर आता है। वीडियो के मुताबिक, युवक करीब दो से तीन सेकंड तक रेलिंग पर रहा और इसके बाद नीचे छलांग लगा दी। उसके जमीन पर गिरने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
ऊंचाई से गिरने के बाद मौके पर बिखरा शव
पुलिस के मुताबिक, इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण युवक के शरीर को गंभीर क्षति हुई। घटनास्थल पर खून और शरीर के अवशेष फैल गए थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शव को बोरी में रखकर मौके से हटाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को देखा। शुरुआती जांच में अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
CCTV और वीडियो से पहचान की कोशिश
पुलिस अब एस्पायर टावर और सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सामने आए वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। घटना के समय 43वीं मंजिल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि युवक सोसाइटी में रहता था, किसी निवासी से मिलने आया था या किसी अन्य काम से परिसर में पहुंचा था। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए मौके पर मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
Read More
ऑटो की फोटो भेजी, फिर फोन बंद… नोएडा से लापता बाउंसर अजय की दिल्ली में मिली लाश

