भारतीय सेना में वरिष्ठ स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में बदलाव हुआ है। लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क ने गुरुवार को डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (कैपेबिलिटी डेवलपमेंट एंड सस्टेनेंस) का पदभार संभाल लिया। इससे पहले वह पश्चिमी मोर्चे पर एक कोर के कमांडर के रूप में तैनात थे। नई जिम्मेदारी के तहत वह सेना की सैन्य क्षमताओं को विकसित करने और उन्हें लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखने से जुड़ी पहलों की निगरानी करेंगे।
पश्चिमी मोर्चे पर कोर कमांडर रहे हैं विर्क
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क की नई नियुक्ति की जानकारी दी। सेना के मुताबिक, डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के तौर पर उनकी जिम्मेदारी में क्षमता विकास और सस्टेनेंस से जुड़े विभिन्न प्रयासों की निगरानी शामिल होगी। बदलते सुरक्षा माहौल को देखते हुए सेना की ऑपरेशनल क्षमताओं को मजबूत रखना इस पद की अहम जिम्मेदारियों में शामिल है। विर्क इससे पहले पश्चिमी मोर्चे पर एक कोर की कमान संभाल रहे थे, जहां उनकी जिम्मेदारी क्षेत्र में सैन्य तैयारियों से जुड़ी थी।
सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेना प्रमुख ने दी विदाई
इसी दौरान भारतीय सेना में बुधवार को कई वरिष्ठ अधिकारी अपनी सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त हुए। सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने इन अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी और राष्ट्र के प्रति उनकी लंबी एवं समर्पित सेवा की सराहना की। सेना के मुताबिक, इन अधिकारियों का योगदान उनकी सक्रिय सैन्य सेवा तक सीमित नहीं रहेगा। उनके अनुभव, ज्ञान और मूल्यों को भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण और सेना की विरासत का हिस्सा माना जाएगा। सेना ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
चिनार कोर के अग्रिम इलाकों का भी किया था दौरा
सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में चिनार कोर के अग्रिम इलाकों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति और सैन्य तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने नियंत्रण रेखा और अंदरूनी क्षेत्रों में तैनात सैनिकों से बातचीत भी की। तंगधार में उन्होंने ‘ऑपरेशन दृष्टि 2026’ का जायजा लिया था। इस दौरान स्थानीय कमांडरों ने उन्हें मौजूदा सुरक्षा स्थिति, अभियानगत तैयारियों और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। सेना प्रमुख को नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा व्यवस्था और अंदरूनी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों की तैयारियों से भी अवगत कराया गया। इसी बीच सेना प्रमुख और भारतीय सेना के सभी रैंकों ने मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ के 26वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। सेना ने संयुक्त रक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मुख्यालय की भूमिका को भी रेखांकित किया।
Read More

