EPFO की वेज सीलिंग 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये किए जाने की चर्चा के बीच कर्मचारियों के मन में सबसे बड़ा सवाल टेक-होम सैलरी को लेकर है। क्या PF में ज्यादा पैसा जाने से हर महीने हाथ में आने वाली रकम घटेगी? क्या इसका असर CTC पर भी पड़ेगा? सरकार के इस बदलाव से करीब 51 लाख अतिरिक्त कर्मचारियों को पेंशन व्यवस्था का लाभ मिलने की बात कही जा रही है। नई व्यवस्था में पेंशन के लिए अतिरिक्त योगदान नियोक्ता के कुल PF योगदान के हिस्से से किया जाना है। इसलिए सीधे तौर पर कर्मचारी की सैलरी में कोई अलग कटौती नहीं होगी। हालांकि, जिन कर्मचारियों का PF अभी 15,000 रुपये की सीलिंग पर कैलकुलेट होता है, उनके मामले में योगदान बढ़ने से टेक-होम पे प्रभावित हो सकता है।
25 हजार की सीलिंग पर कितना बढ़ेगा PF?
मान लीजिए किसी कर्मचारी की PF योग्य बेसिक सैलरी और DA मिलाकर 20,000 रुपये है। 15,000 रुपये की मौजूदा सीलिंग पर कर्मचारी का 12% योगदान 1,800 रुपये होता है। अगर योगदान 20,000 रुपये के पूरे PF योग्य वेतन पर लागू होता है तो यह रकम बढ़कर 2,400 रुपये हो सकती है।
यानी कर्मचारी के हिस्से से हर महीने 600 रुपये ज्यादा PF में जाएंगे और इतनी रकम उसकी टेक-होम सैलरी से कम हो सकती है। इसी तरह 25,000 रुपये के PF योग्य वेतन पर 12% योगदान 3,000 रुपये होगा। मौजूदा 1,800 रुपये की तुलना में कर्मचारी के हिस्से में 1,200 रुपये की अतिरिक्त कटौती हो सकती है।
क्या CTC भी बढ़ेगा या घटेगा?
सिर्फ वेज सीलिंग बढ़ने से CTC अपने आप नहीं बदलती। EPFO के नियमों के अनुसार PF योगदान CTC के आधार पर नहीं, बल्कि लागू PF योग्य वेतन और नियमों के मुताबिक तय होता है।
हालांकि, अगर कंपनी कर्मचारी के PF योगदान को अपने कुल CTC में शामिल करके उसका हिसाब लगाती है तो नियोक्ता की लागत में बदलाव आ सकता है। नियोक्ता के योगदान की संरचना भी कंपनी की सैलरी पॉलिसी और लागू नियमों पर निर्भर करेगी।
किन कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी पर असर?
मुख्य असर उन कर्मचारियों पर पड़ सकता है जिनका PF अभी 15,000 रुपये की वेज सीलिंग के आधार पर कट रहा है और नई व्यवस्था में 25,000 रुपये तक के PF योग्य वेतन पर योगदान बढ़ जाता है। उदाहरण के लिए, 15,000 से अधिक लेकिन 25,000 रुपये से कम PF योग्य वेतन वाले कर्मचारियों का योगदान बढ़ सकता है। वहीं, जिन कर्मचारियों का PF पहले से ही 25,000 रुपये या उससे अधिक की बेसिक सैलरी पर कट रहा है, उनके टेक-होम पे में इस बदलाव से अतिरिक्त कटौती नहीं होगी। अगर बेसिक + DA 25,000 रुपये से ज्यादा है तो पेंशन योगदान अनिवार्य होने की स्थिति अलग हो सकती है और कर्मचारी अपनी पात्रता के अनुसार पेंशन में योगदान का विकल्प चुन सकते हैं।
Read More

