FSSAI Raid: फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन को लेकर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने मेसर्स सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी के परिसर में निरीक्षण के दौरान किचन, खाद्य सामग्री के भंडारण और साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं। इसके बाद FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
किचन में पसरी थी गंदगी
निरीक्षण के दौरान खाना तैयार करने वाली जगह पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा था और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। अधिकारियों ने जब किचन में रखी खाद्य सामग्री की जांच की तो कई चीजें खराब स्थिति में मिलीं।
टमाटर से गुड़ तक में फफूंद
जांच में टमाटर, पपीता, काजू और गुड़ समेत कई खाद्य पदार्थों में फफूंद पाई गई। सब्जियों में इस्तेमाल होने वाली शिमला मिर्च भी सड़ी हुई मिली। इतना ही नहीं, खाना पकाने के लिए इस्तेमाल हो रहा तेल भी जलकर काला हो चुका था। इन परिस्थितियों को देखते हुए टीम ने मौके पर करीब 74 किलो सड़ी-गली खाद्य सामग्री नष्ट करवाई।
वेज-नॉनवेज स्टोरेज में भी नियमों की अनदेखी
निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के भंडारण को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को अलग-अलग रखने के नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान वेज सामग्री के साथ मीट से जुड़े आइटम्स रखे हुए पाए गए।
कोल्ड स्टोरेज की हालत भी खराब
कंपनी के कोल्ड स्टोरेज में भी कई कमियां मिलीं। छत से पानी खाद्य सामग्री के ऊपर टपक रहा था। रेफ्रिजरेशन सिस्टम में लीकेज की समस्या थी और मशीनों में जरूरत से ज्यादा बर्फ जमी हुई थी। इन खामियों से स्टोरेज और हाइजीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे।
कॉकरोच और मक्खियों की भी मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी के बीच कॉकरोच और घरेलू मक्खियां भी पाई गईं। खाद्य पदार्थों के आसपास की ऐसी स्थिति फूड सेफ्टी और हाइजीन नियमों के गंभीर उल्लंघन की ओर इशारा करती है।
दस्तावेज और पानी की जांच का रिकॉर्ड भी नहीं
सिर्फ साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि जरूरी दस्तावेजों के रखरखाव में भी कंपनी की व्यवस्था कमजोर मिली। खाने में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच से संबंधित रिकॉर्ड भी अधिकारियों को नहीं मिले। निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट में कंपनी का कंप्लायंस स्कोर महज 30 प्रतिशत रहा।
कारोबार बंद रखने का निर्देश
कम कंप्लायंस स्कोर और निरीक्षण में सामने आई गंभीर कमियों के आधार पर FSSAI ने लाइसेंस सस्पेंड करने का फैसला लिया। अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि सस्पेंशन की अवधि के दौरान सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड को खाने-पीने के कारोबार से जुड़ी सभी गतिविधियां बंद रखनी होंगी।
Read More:
करोलबाग में कार मॉडिफिकेशन के बाद आई दिक्कत? यहां करें शिकायत…

