HomeBreaking Newsमेरठ 'ब्लू ड्रम' मर्डर केस: 30 सितंबर को आएगा फैसला, आरोपियों के...

मेरठ ‘ब्लू ड्रम’ मर्डर केस: 30 सितंबर को आएगा फैसला, आरोपियों के लिए मांगी गई फांसी की सजा!

मेरठ के बहुचर्चित ब्लू ड्रम हत्याकांड में 30 सितंबर का दिन बेहद निर्णायक साबित होने जा रहा है। जिला जज की अदालत मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की निर्मम हत्या के मामले में आरोपी मुस्कान और साहिल के दोष पर अपना फैसला सुनाएगी। इस मामले में अंतिम बहस 17 सितंबर को पूरी हो चुकी है। यदि अदालत दोनों आरोपियों को दोषी करार देती है, तो इसके बाद सजा की अवधि पर अलग से सुनवाई की जाएगी। अभियोजन पक्ष ने अदालत से मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए दोनों आरोपियों के लिए फांसी की मांग की है।

22 गवाहों और मजबूत सबूतों से घेराबंदी

हत्याकांड का खुलासा करने के लिए वादी पक्ष के अधिवक्ता विजय बहादुर के अनुसार अदालत में कुल 22 गवाह पेश किए गए हैं। इनमें मृतक सौरभ के भाई बबलू, उनकी मां और दोस्त के अलावा वे दुकानदार भी शामिल हैं जिनसे हत्या में इस्तेमाल सामान खरीदा गया था। अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने साबित किया कि आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर हत्या को अंजाम दिया। वारदात से पहले नशीली गोलियों और चाकू का इंतजाम किया गया, जबकि हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए नीले ड्रम, सीमेंट और रेत की व्यवस्था की गई थी।

शव को सीमेंट से सील करने की थी साजिश

अदालत के सामने पेश साक्ष्यों के मुताबिक आरोपियों की योजना सौरभ के शव को नीले ड्रम में बंद करके सीमेंट से सील करने और फिर उसे किसी सुनसान जगह पर ठिकाने लगाने की थी। हालांकि, इस साजिश को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया। अभियोजन पक्ष ने आरोपियों द्वारा हत्या के बाद घूमने जाने से जुड़े सबूत भी पेश किए हैं। दूसरी तरफ, मुस्कान की अधिवक्ता रेखा जैन और बचाव पक्ष ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए दोनों आरोपियों को बेकसूर बताया है।

जेल में भक्ति में लीन मुस्कान, साहिल शांत

मेरठ जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुकदमे के अंतिम दौर के बीच दोनों बंदियों की दिनचर्या में काफी बदलाव देखा गया है। आरोपी मुस्कान जेल में अपनी बेटी को संभालने के साथ-साथ धार्मिक गतिविधियों में समय बिता रही है। वह नियमित रूप से सुंदरकांड का पाठ, संध्या आरती और शिव पूजा कर रही है। वहीं, दूसरा आरोपी साहिल जेल में काफी शांत रहता है और अन्य बंदियों से बहुत कम बातचीत करता है। अब सभी की निगाहें 30 सितंबर को आने वाले न्यायिक फैसले पर टिकी हैं।

 

READ MORE: घर बनाने वालों को तगड़ा झटका, सीमेंट की बोरी पर बढ़ेंगे दाम!

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments