HomeBreaking Newsफतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से ध्वस्त हुए मकान, 5 लोगों की...

फतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से ध्वस्त हुए मकान, 5 लोगों की दर्दनाक मौत, 3 हुए घायल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सोमवार शाम गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। मलवां कस्बे में फल विक्रेता सुरेश गुप्ता का दो मंजिला मकान दो सिलेंडरों में हुए धमाके के बाद ढह गया। हादसे में सुरेश समेत उनके परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। धमाके से आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

आग लगने के बाद हुआ जोरदार धमाका

हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे हुआ। बताया गया कि खाना बनाते समय घर में आग लग गई थी। घर में मौजूद महिलाएं शोर मचाते हुए बाहर निकलीं, इसी दौरान अंदर रखे दो भरे गैस सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि करीब 200 मीटर दूर तक लोगों को तेज कंपन महसूस हुआ। हादसे के वक्त घर में चार सिलेंडर रखे थे, जिनमें दो खाली और दो भरे हुए बताए गए हैं। शुरुआती तौर पर किसी सिलेंडर से गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिला अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह के मुताबिक, सिलेंडरों की एजेंसी और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मलबे में दबे 8 लोगों का रेस्क्यू

विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 16 फायरकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत अभियान शुरू किया। गली संकरी होने के कारण दमकल वाहन सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद बुलडोजर और जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। रेस्क्यू टीम ने मलबे में फंसे आठ लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा। बाद में लखनऊ से SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में शामिल हुई। जेसीबी को घटनास्थल तक ले जाने के लिए आसपास के कुछ घरों के चबूतरे भी हटाने पड़े।

पड़ोस के दो मकान भी ढहे

धमाके की चपेट में सुरेश गुप्ता के पड़ोसी महेश सिंह और प्रदीप सिंह के मकान भी आ गए और दोनों पूरी तरह ढह गए। हादसे के समय इन घरों में मौजूद लोग बाहर थे, जिससे वहां जनहानि नहीं हुई। अनमोल सिंह और रूपा सिंह के मकानों की दीवारें भी गिरने की जानकारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसपास के करीब 15 मकानों में दरारें और अन्य नुकसान हुआ है। कुछ मकानों की छत और लेंटर टूट गए, जबकि करीब 200 मीटर दूर तक एक बाउंड्रीवॉल गिरने की बात सामने आई है। धमाके के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर राहत-बचाव और मलबे की जांच में जुटी हैं।

Read More

जिस बैल को बेटे की तरह पाला, उसकी मौत पर किसान ने आंगन में बनवा दी प्रतिमा, भावुक कर देगी ये अनोखी कहानी

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments