हरियाणा के अंबाला(Ambala) जिले के धूलकोट गांव क्षेत्र में रविवार दोपहर एक निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। बताया जा रहा है कि उस समय भवन की छत पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। इमारत गिरने के दौरान वहां बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे, जिससे कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस के साथ डायल 112 को घटना की जानकारी दी। मौके पर काम कर रहे श्रमिकों के मुताबिक, भवन में करीब 40 से 50 मजदूर काम कर रहे थे। अब तक इस हादसे में चार मजदूरों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं 10 घायल श्रमिकों को मलबे से बाहर निकालकर अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
मलबा हटाने में जुटी मशीनें
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। बचाव दल का प्रयास है कि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।



[…] […]