समस्तीपुर जिले में लड़कियों के साथ मारपीट और बदसलूकी से जुड़े वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। पिछले तीन दिनों में ऐसा तीसरा वीडियो वायरल हुआ है। नया वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक लड़की को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लड़की का दुपट्टा खींचने और उसका हाथ मरोड़ने जैसी हरकतें भी नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन शुरू कर दिया है।
वीडियो कहां का है
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस सबसे पहले यह सत्यापित कर रही है कि वीडियो वास्तव में कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है या किसी अन्य स्थान का है। जांच टीम वीडियो के स्रोत, घटना की तारीख और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच रही है कि कहीं किसी पुराने वीडियो को नए मामले के रूप में सोशल मीडिया पर तो प्रसारित नहीं किया जा रहा।
🚨 BIHAR: Another alleged harassment video surfaces from Samastipur.@bihar_police, please take immediate action.
Harassment cannot be normalised. Act before it escalates.
pic.twitter.com/xtNvpPe98R— News Matrix (@NewsMatrixIND) September 26, 2026
तीन दिन में तीन वीडियो से पुलिस की बढ़ी सक्रियता
समस्तीपुर में पिछले कुछ दिनों के दौरान ऐसे दो अन्य वीडियो भी वायरल हो चुके हैं। बुधवार देर रात कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर से एक युवती के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया था। पुलिस ने जांच के बाद चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके करीब 16 घंटे बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव का एक और वीडियो वायरल हुआ था। इसमें युवक और युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी दिखाई गई थी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश जारी बताई गई। अब कल्याणपुर से जोड़कर तीसरा वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने इसकी वास्तविकता की जांच शुरू कर दी है।
सत्यापन के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एसपी अरविंद प्रताप सिंह के मुताबिक, वीडियो की पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना कब और कहां हुई और इसमें शामिल लोग कौन हैं। सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम से जोड़कर साझा किए जाने की संभावना को देखते हुए पुलिस पहले वीडियो की लोकेशन और समय की पुष्टि कर रही है। फिलहाल कल्याणपुर वाले वीडियो की सत्यता सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह घटना समस्तीपुर की है या किसी अन्य स्थान की।
Read More
MP के मंडला में गणेश पंडाल में बड़ा हादसा, करंट लगने से 4 लोगों की मौत, 2 घायल

