‘बिग बॉस 20’ के घर में रिति तिवारी ने भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के साथ बातचीत के दौरान अपने बचपन से जुड़ी कुछ भावुक यादें साझा कीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता के अलग होने के दौर को याद किया और बताया कि उस समय उनकी उम्र काफी कम थी। अपनी पुरानी यादों को बताते हुए रिति भावुक भी हो गईं। रिति ने बताया कि जब उनके माता-पिता अलग हुए तब वह करीब आठ साल की थीं। इसके बाद कानूनी रूप से दोनों का तलाक हुआ तब उनकी उम्र नौ साल थी। इस पूरे दौर में उन्हें अपने पिता मनोज तिवारी(Manoj Tiwari) के साथ ज्यादा वक्त बिताने का अवसर नहीं मिल पाया।
आम्रपाली दुबे ने जब रिति से पूछा कि क्या उनके पिता ने उनकी कस्टडी के लिए प्रयास किया था तो उन्होंने हां में जवाब दिया। रिति के मुताबिक, उनके पिता को काफी समय तक यह उम्मीद थी कि शायद दोनों फिर से साथ आ जाएं। उन्होंने बताया कि पिता से मुलाकात के दौरान दोनों कई बार भावुक हो जाते थे। उस समय की परिस्थितियों को याद करते हुए रिति ने कहा कि कुछ चीजें ऐसी थीं जिन पर उनका कोई नियंत्रण नहीं था।
पिता की दूसरी शादी से थीं खुश
रिति ने बताया कि जब भी उन्हें पिता के साथ समय बिताने का मौका मिलता था वह उनके साथ वक्त गुजारती थीं और यहां तक कि उन्हें अंग्रेजी सिखाने की कोशिश भी करती थीं।
मनोज तिवारी की जिंदगी में जब सुरभि तिवारी आईं तो रिति उनके रिश्ते को लेकर खुश थीं। उन्होंने कहा कि पिता की जिंदगी में सुरभि के आने से उन्हें खुशी हुई। रिति ने यह भी साफ किया कि वह अपनी मां से बेहद प्यार करती हैं लेकिन उनके पिता भी उनके लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
मनोज तिवारी की तीन बेटियां
मनोज तिवारी ने 1999 में रानी तिवारी से शादी की थी। करीब 11 साल बाद दोनों अलग हो गए। इस रिश्ते से उनकी बेटी रिति तिवारी हैं। इसके बाद 26 अप्रैल 2020 को उन्होंने सुरभि तिवारी से शादी की। इस शादी से उनकी दो बेटियां हैं। इस तरह मनोज तिवारी तीन बेटियों के पिता हैं।