उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(Yogi Government) ने राज्य के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर बड़ा ऐलान किया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान CM योगी ने कहा कि अगले छह महीनों में प्रदेश के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में पूरी की जाएगी। यह घोषणा 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति-पत्र सौंपने के कार्यक्रम के दौरान की गई।
CM योगी ने कहा कि युवाओं को भरोसा दिलाया जा रहा है कि आने वाले छह महीनों में हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में नियुक्तियां दी जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है और इसमें बिना भेदभाव के आरक्षण नियमों का पालन किया जा रहा है। CM योगी के मुताबिक, योग्य उम्मीदवारों को निष्पक्ष तरीके से अवसर मिलने का सीधा फायदा प्रदेश को मिलता है।
अब तक 9.30 लाख से ज्यादा नियुक्तियों का दावा
CM योगी ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने नियुक्तियों में पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि किसी भी नियुक्ति को लेकर सवाल खड़ा नहीं किया जा सकता।
पिछली सरकार पर साधा निशाना
CM योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में देरी और भ्रष्टाचार की शिकायतें आम थीं। उनके मुताबिक, भर्ती निकलने के बाद उम्मीदवार लंबे समय तक परिणाम का इंतजार करते थे और कई मामलों में पाए जाने वाले विवादों के चलते अदालत से रोक तक लग जाती थी। इससे युवाओं का समय और उम्र दोनों ही प्रभावित होते थे।
नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि योग्य युवाओं को निष्पक्ष तरीके से रोजगार के अवसर मिल सकें।